मुजफ्फरनगर में बारिश बनी काल: कच्चा मकान ढहा, पिता समेत चार बच्चों की मौत, दो मासूम गंभीर

Muzaffarnagar News: फुगाना क्षेत्र में लगातार बारिश के चलते कच्चा मकान ढह गया। हादसे में पिता और चार बच्चों की मौत हो गई, जबकि दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर शोक जताया।

मुजफ्फरनगर में बारिश बनी काल: कच्चा मकान ढहा, पिता समेत चार बच्चों की मौत, दो मासूम गंभीर
Published By- A.K. Mishra

Reported By- Sanjay Kumar

मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में लगातार हो रही बारिश के बीच सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। थाना फुगाना क्षेत्र में बारिश के कारण एक कच्चा मकान अचानक ढह गया, जिसके मलबे में एक ही परिवार के कई सदस्य दब गए। इस हादसे में मकान मालिक इस्लामुद्दीन और उनके चार बच्चों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।

मलबे में दबे परिवार को स्थानीय लोगों ने निकाला

हादसे की सूचना मिलते ही थाना फुगाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। पुलिस और प्रशासन की टीम ने मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बुढ़ाना पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल दो बच्चों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

मंडलायुक्त, डीएम और एसएसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

दुर्घटना की सूचना मिलते ही सहारनपुर मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया शोक

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फुगाना क्षेत्र में हुए इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को घायलों का बेहतर उपचार सुनिश्चित कराने तथा पीड़ित परिवार को हरसंभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।

गांव में पसरा मातम

बारिश के बीच हुए इस हृदयविदारक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देने के साथ राहत कार्यों में भी सहयोग कर रहे हैं।