गांव में एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला, पीड़ित ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का लगाया आरोप
गंभीर रूप से घायल पीड़ित ने पुलिस पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए उच्चाधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है।
रायबरेली से महाताब खान की रिपोर्ट —
रायबरेली/जनमत न्यूज। रायबरेली जिले के महाराजगंज थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति पर गांव के ही कुछ लोगों द्वारा जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल पीड़ित ने पुलिस पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए उच्चाधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है।
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना 16 मार्च 2026 की सुबह करीब 7 बजे की है। उस समय पीड़ित अपने घर के पास बंधे पशुओं को चारा-पानी दे रहा था। तभी गांव के ही बाबूलाल, इन्द्रेश, आरती, कलावती, प्रदीप और पूजा एकजुट होकर वहां पहुंचे और उस पर हमला कर दिया।
आरोप है कि हमलावरों के हाथों में लाठी-डंडे थे, जबकि एक आरोपी के पास धारदार कुल्हाड़ी भी थी। हमलावरों ने पीड़ित को बेरहमी से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित को बचाने के लिए जब उसकी पत्नी और बेटी मौके पर पहुंचीं, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। बताया गया कि महिला के साथ लात-घूंसे और थप्पड़ों से मारपीट की गई।
घटना के दौरान पीड़ित की बेटी ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। लोगों के हस्तक्षेप से किसी तरह पीड़ित और उसके परिवार की जान बच सकी।
पीड़ित का आरोप है कि घटना की जानकारी थाना महाराजगंज पुलिस को दी गई, लेकिन अभी तक आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर बाबूलाल, इन्द्रेश, आरती, कलावती, प्रदीप और पूजा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

Janmat News 
