रायबरेली में महिला की बेरहमी से हत्या, गांव का ही युवक निकला कातिल; गिरफ्तार
उप्र के जनपद रायबरेली में एक महिला की घर के भीतर मुंह दबाकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
रायबरेली से महताब खान की रिपोर्ट
रायबरेली/जनमत न्यूज़। उप्र के जनपद रायबरेली में एक महिला की घर के भीतर मुंह दबाकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हत्या का आरोप प्रतापगढ़ जिले के उसी गांव के रहने वाले युवक वैभव तिवारी पर लगा है। परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपी को मौके पर ही पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के बस्तेपुर इलाके का है।
जानकारी के मुताबिक, प्रतापगढ़ निवासी प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक अपनी पत्नी तनु और आठ वर्षीय बेटी के साथ बस्तेपुर में रहते हैं। आज सुबह शिक्षक अपने स्कूल और बेटी अपने विद्यालय चली गई थी, जबकि तनु घर में अकेली थी। इसी दौरान उसके गांव का रहने वाला युवक वैभव तिवारी घर पर आया।
बताया जा रहा है कि एक ही गांव का होने के कारण उसका यहां आना-जाना पहले से था, इसलिए किसी को शक नहीं हुआ। पड़ोसियों के अनुसार, कुछ देर बाद घर के भीतर शोर-शराबा सुनाई दिया। इसकी सूचना शिक्षक को दी गई, जिन्होंने अपने मित्र ओमप्रकाश को मौके पर भेजा। जब ओमप्रकाश घर पहुंचे तो देखा कि आलमारी खुली हुई थी, जेवरात बिखरे पड़े थे और पास ही तनु का शव पड़ा था।
उसी समय आरोपी कमरे से निकलकर भागने की कोशिश करने लगा, जिसे पड़ोसियों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली शिव शंकर सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मुंह दबाकर हत्या की गई है। आरोपी हिरासत में है और उससे पूछताछ की जा रही है।

Janmat News 
