मुख्य सचिव और डीजीपी आज करेंगे मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा तैयारियों का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था की होगी समीक्षा

कांवड़ यात्रा 2026 की तैयारियों का जायजा लेने आज मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल और डीजीपी राजीव कृष्ण मुजफ्फरनगर पहुंचेंगे। सुरक्षा, ट्रैफिक और कानून-व्यवस्था की होगी समीक्षा।

मुख्य सचिव और डीजीपी आज करेंगे मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा तैयारियों का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था की होगी समीक्षा
Published By- A.K. Mishra

Reported By- Sanajay Kumar 

मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़।  कांवड़ यात्रा-2026 को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में प्रदेश के मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण सोमवार को मुजफ्फरनगर पहुंचकर यात्रा की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। दोनों वरिष्ठ अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन का जायजा लेने के साथ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्य सचिव और डीजीपी दोपहर करीब 3:30 बजे मुजफ्फरनगर पहुंचेंगे। सबसे पहले वे शिव चौक स्थित कांवड़ कंट्रोल रूम का निरीक्षण करेंगे और वहां संचालित निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करेंगे। इसके बाद सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और शामली के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर कांवड़ यात्रा की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा करेंगे।

इन महत्वपूर्ण बिंदुओं पर होगी समीक्षा

समीक्षा बैठक में कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं के अलावा जन शिकायतों के त्वरित निस्तारण, साइबर अपराध की रोकथाम, यक्ष ऐप, ई-एविडेंस, ई-समंस, मिशन शक्ति तथा सीसीटीएनएस के तहत 60 और 90 दिनों में लंबित विवेचनाओं की प्रगति सहित कई अहम विषयों की समीक्षा की जाएगी। अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जाएंगे।

अलर्ट मोड पर पुलिस-प्रशासन

वरिष्ठ अधिकारियों के दौरे को देखते हुए मुजफ्फरनगर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। रविवार को एसपी सिटी अमृत जैन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के. मिश्रा और क्षेत्राधिकारी सदर राजू कुमार साव सहित अन्य अधिकारियों ने शिव चौक पहुंचकर कांवड़ कंट्रोल रूम, बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन और सीसीटीवी निगरानी प्रणाली का निरीक्षण किया। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता और बेहतर समन्वय के निर्देश भी दिए गए।

लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष फोकस

आने वाले दिनों में लाखों कांवड़िए हरिद्वार से गंगाजल लेकर मुजफ्फरनगर मार्ग से अपने गंतव्य की ओर रवाना होंगे। इसे देखते हुए शासन का पूरा फोकस यात्रा को सुरक्षित, सुचारु और दुर्घटनामुक्त बनाने पर है। मुख्य सचिव और डीजीपी का यह दौरा कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों को अंतिम रूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।