बरेली में लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ पदयात्रा का शुभारंभ, कई केंद्रीय मंत्री व डिप्टी CM हुए शामिल

उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर आज 3 नवंबर को भारतीय जनता पार्टी ने बरेली जनपद में 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा निकाला।

बरेली में लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ पदयात्रा का शुभारंभ, कई केंद्रीय मंत्री व डिप्टी CM हुए शामिल
Published By- Diwaker Mishra

बरेली से अनूप रायजादा की रिपोर्ट 

बरेली/जनमत न्यूज़। उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर आज 3 नवंबर को भारतीय जनता पार्टी ने बरेली जनपद में 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा निकाला।

इस अभियान के माध्यम से पार्टी विपक्ष की नकारात्मक राजनीति, झूठे राजनैतिक एजेंडे और दोहरे मापदंडों को जनता के बीच उजागर करने का प्रयास कर रही है।

इस पदयात्रा में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा दोपहर करीब 12 बजे दिल्ली से बरेली पहुंचे। इसके अलावा प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य लखनऊ से बरेली पहुंचे।

अन्य नेताओं में केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी, केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद, मंडल के सांसद, विधायक और कई पार्टी पदाधिकारी भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए।

दोनों प्रमुख नेताओं जेपी नड्डा व केशव प्रसाद मौर्य ने सबसे पहले राजेंद्र नगर स्थित स्वयंवर बारातघर में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। जनसभा समाप्त होने के तुरंत बाद (दोपहर लगभग 12:30 बजे) बारातघर से ही पदयात्रा की शुरुआत हुई।

यह पदयात्रा करीब 2.15 किलोमीटर लंबी रही। पदयात्रा राजेंद्र नगर से शुरू होकर बांके बिहारी मंदिर और सील चौराहा होते हुए शहीद पंकज अरोड़ा चौक पर आकर समाप्त हुई। कार्यकर्ताओं की भागीदारी के मद्देनजर भाजपा की ओर से यह दावा किया गया है कि इसमें ब्रज क्षेत्र के 25 हजार से अधिक कार्यकर्ता हिस्सा ले रहे हैं।