बीकापुर क्षेत्र में 23 किमी सर्विस रोड का नवीनीकरण पूरा, किसानों व ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत

सड़क निर्माण पूरा होने पर क्षेत्र के ग्रामवासियों ने खुशी जाहिर करते हुए सरकार, बीकापुर विधायक डॉ. अमित सिंह चौहान तथा सिंचाई विभाग के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।

बीकापुर क्षेत्र में 23 किमी सर्विस रोड का नवीनीकरण पूरा, किसानों व ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

अयोध्या से आजम खान की रिपोर्ट —

अयोध्या/जनमत न्यूज। बीकापुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत अबनपुर और चांदपुर राजवाहा की सर्विस रोड का नवीनीकरण कार्य सिंचाई विभाग द्वारा सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। लगभग 23 किलोमीटर लंबी इस सड़क के बनने से क्षेत्र के ग्रामीणों और किसानों के आवागमन में पहले से कहीं अधिक सुविधा हो गई है।

सड़क निर्माण के शुरुआती चरण में गुणवत्ता को लेकर कुछ शिकायतें सामने आई थीं, जिस पर ग्रामीणों ने सिंचाई विभाग के अधिशाषी अभियंता रजनीश गौतम को अवगत कराया। मामले को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित ठेकेदार को मौखिक और लिखित रूप से सख्त निर्देश दिए। इसके बाद कार्य को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुसार दोबारा कराया गया।

करीब 3 करोड़ 10 लाख रुपये की लागत से तैयार हुई इस सड़क परियोजना से अब क्षेत्र में आवागमन सुगम हो गया है। किसानों को अपनी फसल बाजार तक पहुंचाने में सहूलियत मिल रही है, वहीं ग्रामीणों के दैनिक जीवन में भी सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।

सड़क निर्माण पूरा होने पर क्षेत्र के ग्रामवासियों ने खुशी जाहिर करते हुए सरकार, बीकापुर विधायक डॉ. अमित सिंह चौहान तथा सिंचाई विभाग के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। यह परियोजना क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।