कुंडा में आस्था और सियासत का महासंगम, धीरेंद्र शास्त्री बोले- अब राक्षस हड्डियां नहीं, सोशल मीडिया पर पोस्ट डालते हैं
उप्र के प्रतापगढ़ जिले के कुंडा स्थित बेंती में मंगलवार को बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की तीन दिवसीय श्रीराम कथा का भव्य शुभारंभ हुआ।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जिले के कुंडा स्थित बेंती में मंगलवार को बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की तीन दिवसीय श्रीराम कथा का भव्य शुभारंभ हुआ।
पहले ही दिन कथा में श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ा। पूरा पंडाल खचाखच भरा नजर आया। आयोजकों के मुताबिक, करीब एक लाख श्रद्धालु कथा श्रवण करने पहुंचे। कथा के शुभारंभ से पहले पं. धीरेंद्र शास्त्री ने हनुमान जी का संकीर्तन किया। इसके बाद विधि-विधान से कथा का शुभारंभ हुआ।
कथा के दौरान उन्होंने सनातन धर्म के विरोधियों पर तंज कसते हुए कहा कि पहले राक्षस यज्ञ में हड्डियां डालकर विघ्न डालते थे, लेकिन अब जमाना बदल गया है। अब राक्षस यज्ञ में हड्डियां नहीं डालते, बल्कि सोशल मीडिया पर पोस्ट डालते हैं।
इस धार्मिक आयोजन में आस्था के साथ सियासत का रंग भी देखने को मिला। योग गुरु बाबा रामदेव, कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय और भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह समेत कई दिग्गज हस्तियां कथा में शामिल हुईं।
इस दौरान बृजभूषण शरण सिंह ने राजा भैया का हाथ ऊपर उठाकर कहा, "आपका दबदबा पहले था, आज भी है और आगे भी रहेगा।" उनके इस बयान ने आयोजन स्थल पर सियासी चर्चाओं को और तेज कर दिया।
कार्यक्रम के आयोजन में जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के पदाधिकारी और कार्यकर्ता सक्रिय नजर आए। वहीं, भारी भीड़ को देखते हुए जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देश पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
इसी बीच राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह की सोशल मीडिया पोस्ट भी चर्चा में आ गई। उन्होंने रामकथा में शामिल होने की इच्छा जताते हुए अनुमति मांगी है। ऐसे में बेंती की रामकथा पहले दिन से ही धार्मिक आयोजन के साथ-साथ सियासी बयानों और चर्चाओं को लेकर सुर्खियों में है।



