रामपुर: गंगा उत्सव 2026 में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
गंगा उत्सव 2026 के अवसर पर श्री सिद्ध समाधि स्थल, मणि मदारपुर स्थित रामगंगा घाट पर भव्य आयोजन किया गया।
रामपुर से अभिषेक शर्मा की रिपोर्ट
रामपुर/जनमत न्यूज़। गंगा उत्सव 2026 के अवसर पर श्री सिद्ध समाधि स्थल, मणि मदारपुर स्थित रामगंगा घाट पर भव्य आयोजन किया गया। जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के निर्देशन एवं प्रभागीय निदेशक रोहन तिवारी के मार्गदर्शन में जिला गंगा समिति के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में 3100 दीपों से घाट जगमगा उठा।
वहीं बनारस (वाराणसी) से आई गंगा आरती टीम ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ भव्य आरती की। इस दौरान पूरा घाट हर-हर गंगे के जयकारों से गूंज उठा। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 3100 दीपों का दीपदान रहा।
दीपों की जगमगाहट और बनारस की टीम द्वारा प्रस्तुत भव्य गंगा आरती ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। गंगा नदी को राष्ट्रीय नदी घोषित किए जाने के उपलक्ष्य में आयोजित उत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
इस दौरान मनोरमा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, गीत, योग एवं स्वच्छता जागरूकता से जुड़ी प्रस्तुतियां दीं।
विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से नदियों को स्वच्छ रखने और प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया। मदद फाउंडेशन एवं जिला गंगा परियोजना के अधिकारियों ने बच्चों की प्रतिभा और उत्साह की सराहना की।
विद्यालय प्रबंधक रवि गुप्ता एवं प्रधानाचार्या नेहा गुप्ता ने नदी प्रदूषण की गंभीर समस्या पर विचार व्यक्त करते हुए लोगों से नदियों को स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त रखने की अपील की। इस मौके पर विद्यालय की शिक्षिकाएं एवं स्टाफ सदस्य गीता श्रीवास्तव, प्रियंका रावत, शिवानी, कुमकुम, किरण और मुस्कान मौजूद रहीं।
कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले गंगा मित्रों, अध्यापकों एवं समाजसेवियों को पर्यावरण संरक्षण उत्कृष्ट सम्मान के तहत सप्रेम भेंट देकर सम्मानित किया गया।
जिला परियोजना अधिकारी लव कुमार के नेतृत्व में कार्यक्रम की विशेष तैयारियां की गई थीं। घाट पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैठने एवं सुरक्षा के बेहतर इंतजाम किए गए, जिनकी ग्रामीणों और अतिथियों ने सराहना की।
कार्यक्रम के समापन पर जिला परियोजना अधिकारी लव कुमार ने उपस्थित श्रद्धालुओं एवं अतिथियों को रामगंगा नदी को स्वच्छ, निर्मल एवं प्रदूषणमुक्त बनाए रखने की शपथ दिलाई।
उन्होंने आयोजन में सहयोग करने वाले बनारस गंगा आरती टीम, मनोरमा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिवार, आर्ट ऑफ लिविंग, मदद एक आस, गौ सेवा समिति, श्रद्धालुओं एवं मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।



