थाने में साधु से बदसलूकी का वीडियो वायरल, दरोगा लाइन हाजिर

साधु के साथ हुई बदसलूकी का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे।

थाने में साधु से बदसलूकी का वीडियो वायरल, दरोगा लाइन हाजिर
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

कन्नौज से अश्वनी पाठक की रिपोर्ट — 

कन्नौज / जनमत न्यूज। कन्नौज जिले के ठठिया थाना क्षेत्र में थाने के अंदर साधु के साथ बदसलूकी का मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने आरोपी दरोगा को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है।

जानकारी के अनुसार भाइयों के बीच चल रहे एक विवाद के मामले में एक साधु पक्ष की ओर से थाने पहुंचा था। आरोप है कि थाने में मौजूद दरोगा ने साधु के साथ अभद्र व्यवहार किया और उसे लाठी से धकेलते हुए हवालात में बैठा दिया। इसी दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया।

बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों की ओर से थाने में तहरीर दी गई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने दोनों तरफ से मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस बीच साधु के साथ हुई बदसलूकी का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे।

उधर, इस मामले में एक और पक्ष भी सामने आया है। ठठिया थाना कस्बे के खेड़ा निवासी एक महिला ने 1 अप्रैल को पुलिस अधीक्षक को शिकायत पत्र देकर संबंधित दरोगा पर गंभीर आरोप लगाए थे, जिसकी जांच पहले से ही चल रही थी। अब साधु के साथ हुई बदसलूकी का मामला सामने आने के बाद जांच और तेज कर दी गई है।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए आरोपी दरोगा को तत्काल लाइन हाजिर कर दिया है और पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।