बुलंदशहर: हत्या के मामले में वांछित बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, 25 हजार का था इनामी

उप्र के बुलंदशहर जनपद के खुर्जा नगर थाना क्षेत्र में पुलिस और स्वाट टीम देहात की बदमाश से मुठभेड़ हो गई। समसपुर चौकी क्षेत्र के कमालपुर रोड पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने बुलेट बाइक सवार संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया.

बुलंदशहर: हत्या के मामले में वांछित बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, 25 हजार का था इनामी
Published By- Diwaker Mishra

बुलंदशहर से सत्यवीर सिंह की रिपोर्ट

बुलंदशहर/जनमत न्यूज़। उप्र के बुलंदशहर जनपद के खुर्जा नगर थाना क्षेत्र में पुलिस और स्वाट टीम देहात की बदमाश से मुठभेड़ हो गई। समसपुर चौकी क्षेत्र के कमालपुर रोड पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने बुलेट बाइक सवार संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया, लेकिन बदमाश बाइक मोड़कर झाझर रोड की तरफ भागने लगा।

कमालपुर जंगल के पास बाइक फिसलने के बाद पुलिस ने बदमाश को घेर लिया। पुलिस के मुताबिक, घिरता देख बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से बदमाश घायल हो गया।

घायल बदमाश की पहचान चेतन पुत्र नरेश, निवासी बगरई खुर्द, थाना खुर्जा देहात के रूप में हुई है। उसे उपचार के लिए सीएचसी खुर्जा में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा और दो खोखा कारतूस और बिना नंबर की बुलेट बाइक बरामद की है।

चेतन पर अंकुर चौधरी की हत्या के मामले में 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस के मुताबिक, 20 अगस्त को अंकुर चौधरी के साथ मारपीट की घटना हुई थी और उपचार के दौरान 29 अगस्त को अंकुर की मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस पहले ही एक आरोपी को मुठभेड़ में और दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।