उरई: सीएम डैशबोर्ड पर खराब रैंकिंग वाले विभाग तत्काल लाएं सुधार, डीएम ने की कार्यों की गहन समीक्षा

उप्र के उरई के जिलाधिकारी समीर की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में विकास कार्यों एवं सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक आयोजित हुई।

उरई: सीएम डैशबोर्ड पर खराब रैंकिंग वाले विभाग तत्काल लाएं सुधार, डीएम ने की कार्यों की गहन समीक्षा
Published By- Diwaker Mishra

उरई से सुनील शर्मा की रिपोर्ट

उरई/जनमत न्यूज़। उप्र के उरई के जिलाधिकारी समीर की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में विकास कार्यों एवं सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक आयोजित हुई।

जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं एवं विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए।

उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर की लापरवाही क्षम्य नहीं की जाएगी। बैठक में सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित विभिन्न सूचकांकों की विभागवार समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जिन विभागों की रैंकिंग अपेक्षाकृत कम है, वे तत्काल अपनी कार्यप्रणाली में सुधार करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि केवल लक्ष्य प्राप्त करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र लोगों तक समय से पहुंचना भी सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने-अपने विभागों की नियमित समीक्षा एवं प्रभावी मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा मरीजों को बेहतर एवं समयबद्ध उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

विद्युत विभाग की समीक्षा में उन्होंने जनपद में विद्युत आपूर्ति सुचारू बनाए रखने तथा अनावश्यक विद्युत बाधाओं का प्रभावी समाधान करने को कहा। स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा करते हुए शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई को और बेहतर बनाने तथा नियमित निगरानी पर जोर दिया।

वहीं राजस्व विभाग के अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने एवं भूमि संबंधी शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सीएम डैशबोर्ड पर विभागीय आंकड़ों के अद्यतन एवं उनकी शुद्धता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि डैशबोर्ड पर दर्ज आंकड़े शासन स्तर पर जनपद के कार्यों की प्रगति को प्रदर्शित करते हैं।

इसलिए प्रत्येक अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि पोर्टल पर सही, अद्यतन एवं पारदर्शी डाटा समय से उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों को टीम भावना के साथ कार्य करते हुए शासन की योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनहित सर्वोपरि है।

प्रत्येक अधिकारी यह सुनिश्चित करे कि सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ पात्र लोगों तक बिना अनावश्यक विलंब के पहुंचे। विभागीय कार्यों की नियमित समीक्षा कर कमियों को समय रहते दूर किया जाए, ताकि जनपद की विकास प्रगति को और गति प्रदान की जा सके।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी एच.एन. प्रसाद, परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास चौधरी सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।