मुज़फ्फरनगर: नाबालिग से छेड़छाड़ के गंभीर आरोप से हड़कंप, विरोध करने पर भाई पर हमला
उप्र के मुज़फ्फरनगर जनपद के थाना नई मंडी क्षेत्र के साहवली गांव में 7 फरवरी की रात घटित बताई जा रही एक घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।
मुज़फ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट
मुज़फ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुज़फ्फरनगर जनपद के थाना नई मंडी क्षेत्र के साहवली गांव में 7 फरवरी की रात घटित बताई जा रही एक घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।
पीड़ित परिवार द्वारा लगाए गए आरोपों के अनुसार आधा दर्जन से अधिक लोग कथित तौर पर एक राय होकर घर में जबरन घुस आए। उस समय घर में एक नाबालिग लड़की अकेली थी। आरोप है कि आरोपियों ने उसके साथ अश्लील हरकतें कीं और गलत नीयत से उसे पकड़ लिया।
पीड़िता के शोर मचाने पर उसका भाई और मां मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपियों ने कथित रूप से जान से मारने की नीयत से भाई पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पीड़ित पक्ष का यह भी आरोप है कि घटना के दौरान महिलाओं के साथ गाली-गलौज की गई तथा चांदी की चेन और 3000 रुपये छीन लिए गए।
परिजनों का कहना है कि पीड़िता नाबालिग है और इसके बावजूद आरोपियों ने खुलेआम कानून को हाथ में लिया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग एकत्र हुए, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
मामले में पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि थाना नई मंडी पुलिस द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
पीड़ित परिवार ने सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Janmat News 
