प्रतापगढ़: मस्जिद की दीवार पर रंग फेंकने के आरोप में दो युवकों की पिटाई मामला, SSI लाइन हाजिर
उप्र के प्रतापगढ़ जनपद में होली के दिन मस्जिद की दीवार पर रंग फेंकने के आरोप में पकड़े गए दो युवकों की पिटाई के मामले में पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने कार्रवाई की है।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद में होली के दिन मस्जिद की दीवार पर रंग फेंकने के आरोप में पकड़े गए दो युवकों की पिटाई के मामले में पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने कार्रवाई की है। उन्होंने कंधई थाने के SSI असलम खान को लाइन हाजिर कर दिया है।
असलम खान पर आरोप है कि उन्होंने दोनों युवकों को थाने ले जाकर अभद्रता की और उनकी पिटाई की। यह घटना कंधई थाने से सटे हनुमानगंज बाजार स्थित मस्जिद की है। होली के दिन मस्जिद की दीवार पर रंग पड़ गया था, जिसके बाद कुछ लोग थाने पहुंच गए और हंगामा करने लगे।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शीतला प्रसाद प्रजापति और आदर्श मोदनवाल को हिरासत में लिया। बाद में दोनों का शांतिभंग की आशंका में चालान किया गया। शुक्रवार को जब दोनों युवक जमानत पर घर पहुंचे, तो उनके शरीर पर चोट के कई निशान दिखे। इसे देखकर हनुमानगंज बाजार के व्यापारी और आसपास के गांव के लोग नाराज हो गए।
विरोध में हनुमानगंज बाजार की दुकानें बंद कर दी गईं और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की गई। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए प्रार्थनापत्र सौंपा।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि एक अंडे वाले के बेटे से गलती से रंग भरा तसला गिर गया था, जिससे मस्जिद की बाहरी दीवार पर रंग पड़ गया। बाद में उस जगह पर तुरंत पेंट भी करा दिया गया था।
इसके बावजूद, एसएसआई असलम खान, अरशद खान और आसिफ सिद्दीकी ने कथित तौर पर दोनों युवकों को थाने के पीछे ले जाकर कपड़े उतरवाकर लाठियों से पीटा। यह भी आरोप है कि एक पुलिसकर्मी ने उन पर थूककर चटवाया।
लोगों ने एसपी दीपक भूकर से मिलकर पूरे मामले की शिकायत की, जिस पर एसपी ने जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद लोग जिलाधिकारी कार्यालय भी पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों के निर्देश पर दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां मेडिकल परीक्षण के बाद उन्हें भर्ती कर लिया गया है।

Janmat News 
