वायरल रील पर टीएसआई निलंबित

वायरल रील पर टीएसआई निलंबित
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

एटा से नंद कुमार की रिपोर्ट —

एटा/जनमत न्यूज। सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक रील के चलते एटा पुलिस विभाग में हलचल मच गई है। मसखरी और छोटे कद के कारण सोशल मीडिया पर चर्चित ‘छोटा ऊदल’ के साथ ड्यूटी के दौरान रील बनाना एक टीएसआई को भारी पड़ गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह ने संबंधित टीएसआई को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

वायरल वीडियो में यातायात शाखा में तैनात टीएसआई सुरेश बाबू छोटा ऊदल के साथ दिखाई दे रहे हैं। रील में आल्हा-ऊदल का गीत बज रहा है और छोटा ऊदल ड्यूटी पर मौजूद टीएसआई के पैर छूता नजर आ रहा है। यह वीडियो कई दिनों से सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा था, हालांकि वीडियो कब बनाया गया, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।

बताया जा रहा है कि यह रील शहर के पंडित दीनदयाल चौराहा पर बनाई गई थी। ड्यूटी के दौरान इस तरह का वीडियो बनाना विभागीय अनुशासन के विरुद्ध माना गया। मामले की जानकारी मिलते ही एसएसपी ने कड़ा रुख अपनाते हुए टीएसआई सुरेश बाबू को निलंबित कर दिया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ड्यूटी के समय अनुशासनहीनता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रकरण की विभागीय जांच भी कराई जा रही है।