रायबरेली: बारात का इंतजार करती रह गई दुल्हन, दूल्हे की कोर्ट मैरिज का हुआ खुलासा; टूटा रिश्ता

रायबरेली जनपद के सरेनी थाना क्षेत्र के रासीगांव में मंगलवार को एक शादी उस समय सुर्खियों में आ गई, जब दुल्हन पक्ष बारात का इंतजार करता रह गया लेकिन दूल्हा नहीं पहुंचा।

रायबरेली: बारात का इंतजार करती रह गई दुल्हन, दूल्हे की कोर्ट मैरिज का हुआ खुलासा; टूटा रिश्ता
Published By- Diwaker Mishra

रायबरेली से महताब खान की रिपोर्ट

रायबरेली/जनमत न्यूज़। उप्र के रायबरेली जनपद के सरेनी थाना क्षेत्र के रासीगांव में मंगलवार को एक शादी उस समय सुर्खियों में आ गई, जब दुल्हन पक्ष बारात का इंतजार करता रह गया लेकिन दूल्हा नहीं पहुंचा। बाद में सामने आई सच्चाई ने पूरे इलाके को हैरान कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, सुमन पुत्री स्व. रामकुमार साहू की शादी उन्नाव जनपद के अजगैन थाना क्षेत्र के कृष्णा नगर निवासी प्रवेश उर्फ रिंकू पुत्र कैलाश चंद्र से तय थी। घर में शादी की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं, मेहमानों का जमावड़ा था और बारात के स्वागत की तैयारियां भी मुकम्मल थीं। तय समय बीतने के बाद भी जब बारात नहीं पहुंची तो दुल्हन पक्ष ने वर पक्ष से संपर्क किया। इसी दौरान पता चला कि दूल्हा पहले ही किसी अन्य लड़की से कोर्ट मैरिज कर चुका है।

यह खबर मिलते ही खुशी का माहौल गुस्से और मायूसी में बदल गया। पीड़िता के अनुसार तिलक, बरीक्षा और शादी की तैयारियों में करीब 10 लाख रुपये खर्च किए जा चुके हैं। दुल्हन पक्ष का आरोप है कि उन्हें पूरी तरह अंधेरे में रखकर यह रिश्ता तय किया गया और जानबूझकर धोखा दिया गया।

घटना के बाद आक्रोशित परिजन और ग्रामीण देर रात दुल्हन को लेकर सरेनी थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए शिकायती पत्र सौंपा। अब सबकी नजर पुलिस कार्रवाई पर टिकी है कि इस गंभीर मामले में पीड़ित परिवार को कब तक न्याय मिल पाता है।