प्रतापगढ़: कांवड़ यात्रा की तैयारियों के बीच दर्दनाक हादसा, करंट लगने से 20 वर्षीय युवक की मौत
उप्र के प्रतापगढ़ जनपद में सावन के दौरान कांवड़ यात्रा की तैयारियों के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। झंडा लगाने के दौरान करंट लगने से 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद में सावन के दौरान कांवड़ यात्रा की तैयारियों के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। झंडा लगाने के दौरान करंट लगने से 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई।
हादसे के बाद परिजन उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
प्रतापगढ़ के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र की सिटी चौकी अंतर्गत गुड़िया तालाब के पास रविवार रात करीब 11:30 बजे कांवड़ यात्रा की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान सड़क बाजार कस्बा सिटी निवासी 20 वर्षीय शंकर गुप्ता पुत्र रामप्यारे गुप्ता हाईमास्ट पोल के बगल में बने सीमेंट के खंभे पर सीढ़ी लगाकर झंडा लगा रहा था।
बताया जा रहा है कि हाईमास्ट पोल और सीमेंट के खंभे के बीच लोहे के फ्रेम वाला एक बैनर बंधा हुआ था। आशंका है कि इसी लोहे के फ्रेम के कारण सीमेंट के खंभे में करंट उतर आया। जैसे ही शंकर ने खंभे को छुआ, वह तेज करंट की चपेट में आ गया और सीढ़ी से नीचे गिर पड़ा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
परिजन और स्थानीय लोग आनन-फानन में शंकर को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की असमय मौत से पूरे सड़क बाजार और नगर पंचायत सिटी में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना कोतवाली देहात पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


