सहारनपुर में 2.20 करोड़ की स्मैक बरामद, दो महिलाओं समेत चार आरोपी गिरफ्तार; मंडी पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई

उप्र के सहारनपुर जनपद में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है।

सहारनपुर में 2.20 करोड़ की स्मैक बरामद, दो महिलाओं समेत चार आरोपी गिरफ्तार; मंडी पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई
Published By- Diwaker Mishra

सहारनपुर से अनिल वर्मा/मोहन कश्यप की रिपोर्ट 

सहारनपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के सहारनपुर जनपद में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 किलो 100 ग्राम स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 2 करोड़ 20 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल किए जाने वाले चार मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक थाना मंडी पुलिस, एसओजी, स्वॉट और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए बाबालाल दास आश्रम के बाड़े के गेट के पास चेकिंग के दौरान चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

चार आरोपियों से अलग-अलग मात्रा में मिली स्मैक

पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रेशमा उर्फ अर्शी, आसमा उर्फ बोबी, निजाकत उर्फ नज्जी और अब्दुल आहद के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान रेशमा के कब्जे से 400 ग्राम, आसमा से 200 ग्राम, निजाकत से 250 ग्राम और अब्दुल आहद से 250 ग्राम स्मैक बरामद की गई। इस तरह कुल 1 किलो 100 ग्राम स्मैक पुलिस के हाथ लगी।

मुरादाबाद रेलवे स्टेशन के पास से खरीदते थे स्मैक

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे मुरादाबाद रेलवे स्टेशन के पास एक अज्ञात व्यक्ति से स्मैक खरीदकर लाते थे। इसके बाद स्मैक की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर नशा करने वालों को ऊंचे दामों पर बेचते थे।

पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है, ताकि स्मैक की सप्लाई करने वाले व्यक्ति और नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके।

नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में पुलिस

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, नशा तस्करी के इस नेटवर्क की कड़ियां खंगाली जा रही हैं। आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच सहित अन्य पहलुओं के आधार पर तस्करी से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।