मथुरा: नर्सिंग संघ की मांगों को लेकर आंदोलन तेज, 21 अक्टूबर से कार्य बहिष्कार का ऐलान

राजकीय नर्सेज संघ, उत्तर प्रदेश ने नर्सिंग संवर्ग की लंबित मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन को और तेज कर दिया है। संघ ने घोषणा की है कि 21 अक्टूबर से प्रतिदिन प्रातः 8 से 10 बजे तक दो घंटे का कार्य बहिष्कार किया जाएगा.

मथुरा: नर्सिंग संघ की मांगों को लेकर आंदोलन तेज, 21 अक्टूबर से कार्य बहिष्कार का ऐलान
Published By- Diwaker Mishra

मथुरा से सैयद ज़ाहिद की रिपोर्ट 

मथुरा/जनमत न्यूज़। राजकीय नर्सेज संघ, उत्तर प्रदेश ने नर्सिंग संवर्ग की लंबित मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन को और तेज कर दिया है। संघ ने घोषणा की है कि 21 अक्टूबर से प्रतिदिन प्रातः 8 से 10 बजे तक दो घंटे का कार्य बहिष्कार किया जाएगा, जबकि 22 अक्टूबर को स्वास्थ्य भवन, लखनऊ का घेराव और धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि नर्सिंग संवर्ग की समस्याओं के समाधान के लिए 9 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक काली फीता बांधकर विरोध प्रदर्शन किया गया था। इसके बावजूद शासन स्तर से कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई, जिसके चलते आंदोलन को अगले चरण में ले जाने का निर्णय लिया गया है।

जनपद शाखा मथुरा के पदाधिकारियों ने बताया कि संघ लगातार शासन से पदों के पुनर्गठन, सुदृढ़ीकरण, लंबित पदोन्नतियों, रिक्त पदों पर नियमित नियुक्ति, वेतन विसंगतियों के निराकरण सहित अन्य जायज मांगों को उठा रहा है। मांगें लंबित रहने से प्रदेशभर के नर्सिंग अधिकारियों में भारी असंतोष है।

संघ ने स्पष्ट किया है कि आंदोलन के दौरान मरीजों के हितों को ध्यान में रखते हुए आपातकालीन एवं अति आवश्यक सेवाओं को बाधित नहीं होने दिया जाएगा।संघ ने कहा कि नर्सिंग संघ प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ है और मरीजों की देखभाल में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है, बावजूद इसके उनकी मांगें लंबे समय से लंबित हैं।

संघ ने शासन से मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है।राजकीय नर्सेज संघ उत्तर प्रदेश, जनपद शाखा मथुरा के संरक्षक राजेश कुमार, अध्यक्ष सुनील श्रीवास्तव, महामंत्री हेमलता शर्मा, मीडिया प्रभारी नरेश राजपूत, पूनम शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी।