हरदोई में दो युवकों के रक्तरंजित शव मिलने से सनसनी, खुलासे के लिए लगाई गई 3 टीमें
उप्र के हरदोई जनपद के थाना संडीला क्षेत्र के अंतर्गत अतरौली मार्ग पर तकिया-आटामऊ जाने वाली सड़क पर शुक्रवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया.
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद के थाना संडीला क्षेत्र के अंतर्गत अतरौली मार्ग पर तकिया-आटामऊ जाने वाली सड़क पर शुक्रवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब निर्माणाधीन जल जीवन मिशन की पानी की टंकी से करीब 500 मीटर पहले सड़क के किनारे दो युवकों के रक्तरंजित शव पड़े मिले।
राहगीरों की सूचना पर आनन-फानन में स्थानीय पुलिस बल के साथ उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे। दोनों मृतकों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद से इलाके में तमाम तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है।
पुलिस की शुरुआती तफ्तीश में दोनों मृतकों की शिनाख्त कछौना थाना क्षेत्र के निवासियों के रूप में हुई है। इनमें से एक की पहचान अरुण चौरसिया (26 वर्ष) पुत्र जयप्रकाश चौरसिया, निवासी ग्राम रेसों और दूसरे की पहचान अभिषेक चौरसिया (27 वर्ष) पुत्र शिवराम चौरसिया, निवासी ग्राम गौहनिया के रूप में हुई है।
पारिवारिक जनों ने बताया कि अरुण जल जीवन मिशन की पानी की टंकी पर पिकअप डाला चलाने का काम करता था जबकि अभिषेक उसका सहयोगी था। अभिषेक पिछले 20 दिनों से रेसों गांव में अपनी मौसी कंता पत्नी कल्लू के घर पर रह रहा था।
परिजनों ने बताया कि बीते कल शाम करीब 6 बजे दोनों घर से पार्टी करने की बात कहकर निकले थे। रात 10 बजे जब परिजनों ने उन्हें फोन किया तो घंटी जाती रही लेकिन फोन नहीं उठा।
इसके कुछ देर बाद से दोनों के मोबाइल नंबर बंद आने लगे, जिससे परिजन रातभर परेशान रहे और सुबह दोनों की मौत की खबर सामने आई। मृतक अरुण अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी छोड़ गया है, जबकि अभिषेक अभी अविवाहित था।
सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा, अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुबोध गौतम और क्षेत्राधिकारी संडीला संतोष सिंह ने भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
मौके पर बुलाई गई फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य संकलन की कार्यवाही पूरी की। स्थानीय पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बताया कि घटना के सफल अनावरण और आरोपियों की धरपकड़ के लिए क्षेत्राधिकारी संडीला व अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी के नेतृत्व में पुलिस की 3 विशेष टीमों को लगाया गया है।
पुलिस रंजिश, आपसी विवाद और अंतिम कॉल डिटेल्स समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। दावा किया जा रहा है कि जल्द ही घटना की परतें खोलकर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।


