संभल: 25 हजार के इनामी बदमाश और पुलिस के बीच मुठभेड़, पैर में गोली लगने से घायल

उप्र के संभल जनपद में 25 हजार रुपये के इनामी लुटेरे बदमाश और पुलिस के बीच चेकिंग के दौरान मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने बदमाश को रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

संभल: 25 हजार के इनामी बदमाश और पुलिस के बीच मुठभेड़, पैर में गोली लगने से घायल
Published By- Diwaker Mishra

संभल से राम व्रेश यादव की रिपोर्ट

संभल/जनमत न्यूज़। उप्र के संभल जनपद में 25 हजार रुपये के इनामी लुटेरे बदमाश और पुलिस के बीच चेकिंग के दौरान मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने बदमाश को रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली बदमाश के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया।

पुलिस ने घायल अवस्था में आरोपी को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया। पूरा मामला संभल की सदर कोतवाली क्षेत्र का है। पुलिस चंदौसी बाईपास स्थित छेमनाथ मंदिर के पास चेकिंग अभियान चला रही थी।

इसी दौरान बाइक सवार 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश नईम पुत्र सादात, निवासी जनपद मुरादाबाद, वहां से गुजर रहा था। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से 25 हजार रुपये नकद, एक अवैध तमंचा और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। घायल बदमाश को उपचार के लिए जिला अस्पताल संभल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस आरोपी के खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई में जुटी है। जनपद में अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और पुलिस द्वारा सक्रिय रूप से कार्रवाई की जा रही है।

एएसपी कुलदीप सिंह ने बताया कि थाना संभल क्षेत्र में केनरा बैंक के सामने लगभग डेढ़ लाख रुपये की छिनैती की घटना हुई थी। इस मामले में वांछित आरोपी नईम का चंदौसी बाईपास पर पुलिस के साथ मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ के दौरान आरोपी नईम के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

उन्होंने बताया कि आरोपी नईम मुकदमा संख्या 114/26 में वांछित चल रहा था। पूछताछ और कार्रवाई के दौरान छिनैती में लूटी गई करीब डेढ़ लाख रुपये की रकम तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई है। पुलिस मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।