बलरामपुर में निहत्थे युवक की पिटाई का वीडियो वायरल, मामले में कार्रवाई की मांग
उप्र के बलरामपुर जनपद में एक युवक की पिटाई के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इन वीडियो में कुछ युवक एक युवक को घेरकर बेल्ट, लात और जूतों से मारते दिखाई दे रहे हैं।
बलरामपुर से गुलाम नबी कुरैशी की रिपोर्ट
बलरामपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के बलरामपुर जनपद में एक युवक की पिटाई के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इन वीडियो में कुछ युवक एक युवक को घेरकर बेल्ट, लात और जूतों से मारते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान आसपास मौजूद कुछ लोग बीच-बचाव कर उसे बचाने की कोशिश करते भी नजर आ रहे हैं।
वायरल वीडियो पचपेड़वा थाना क्षेत्र के जुड़ीकुइयां चौराहे का बताया जा रहा है। घटना रविवार की बताई जा रही है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग सार्वजनिक स्थान पर युवक की पिटाई किए जाने पर सवाल उठा रहे हैं और मामले में कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
हालांकि युवक की पिटाई किस वजह से की गई और वीडियो में दिखाई दे रहे लोग कौन हैं इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है। मामले में पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है। वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की गई है। घटना के संबंध में आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



