संभल में पिता-पुत्र हत्याकांड का इनामी आरोपी मुठभेड़ में घायल, एक लाख का इनामी गिरफ्तार

आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर बोलेरो मैक्स गाड़ी लूटने के दौरान पिता-पुत्र की हत्या कर दी थी। घटना के बाद शवों को करीब 200 किलोमीटर दूर शामली जनपद के जंगल में गन्ने के खेत में फेंक दिया गया था, जहां छह दिन बाद पुलिस ने दोनों शव बरामद किए थे।

संभल में पिता-पुत्र हत्याकांड का इनामी आरोपी मुठभेड़ में घायल, एक लाख का इनामी गिरफ्तार
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

संभल से रामब्रेस यादव की रिपोर्ट —

संभल/जनमत न्यूज। उत्तर प्रदेश के संभल जिले में बोलेरो पिकअप लूट एवं पिता-पुत्र हत्याकांड के मुख्य आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर ₹1,00,000 का इनाम घोषित था और मुठभेड़ के दौरान उसके दोनों पैरों में गोली लगने से वह घायल हो गया।

घटना थाना धनारी क्षेत्र के टिकटा रोड की है, जहां 14 अप्रैल 2026 को पुलिस चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान बाइक सवार एक संदिग्ध युवक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वह नहीं रुका और बाइक छोड़कर भागने लगा। पीछा करने पर आरोपी ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी अरविंद पुत्र जोगिंदर, निवासी थाना कैलादेवी क्षेत्र, घायल हो गया और मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी थाना धनारी में दर्ज पिता-पुत्र हत्याकांड में वांछित था और काफी समय से फरार चल रहा था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा (.315 बोर), दो खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, एक मिस कारतूस तथा एक प्लेटिना मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर बोलेरो मैक्स गाड़ी लूटने के दौरान पिता-पुत्र की हत्या कर दी थी। घटना के बाद शवों को करीब 200 किलोमीटर दूर शामली जनपद के जंगल में गन्ने के खेत में फेंक दिया गया था, जहां छह दिन बाद पुलिस ने दोनों शव बरामद किए थे।

इस मामले में पुलिस पहले ही एक अन्य आरोपी मनोज को मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

एएसपी मनोज कुमार रावत ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।