गिरिराज महाराज का हुआ भव्य महाभिषेक, देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु पहुंचे गोवर्धन

कार्यक्रम के दौरान भक्तों ने 11 हजार लीटर दूध, दही, शहद और बूरा से बने पंचामृत से गिरिराज महाराज का महाभिषेक किया। इसके उपरांत श्रद्धालुओं ने अन्नकूट और छप्पन भोग अर्पित कर भगवान से आशीर्वाद मांगा।

गिरिराज महाराज का हुआ भव्य महाभिषेक, देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु पहुंचे गोवर्धन
REPORTED BY - JAHID, PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

मथुरा/जनमत न्यूज। भगवान श्रीकृष्ण की पवित्र नगरी मथुरा के गोवर्धन में मंगलवार को भव्य गिरिराज पूजा का आयोजन किया गया। इस पावन अवसर पर देश-विदेश से हजारों की संख्या में श्रद्धालु भक्तों ने भाग लिया और श्रद्धा-भक्ति के साथ गिरिराज महाराज का पूजन-अर्चन किया।

कार्यक्रम के दौरान भक्तों ने 11 हजार लीटर दूध, दही, शहद और बूरा से बने पंचामृत से गिरिराज महाराज का महाभिषेक किया। इसके उपरांत श्रद्धालुओं ने अन्नकूट और छप्पन भोग अर्पित कर भगवान से आशीर्वाद मांगा। पूरा पर्व गोठिया संत माधव महाराज के निर्देशन में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर भारत के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ इटली, जापान, अमेरिका, वेस्ट इंडीज, अफ्रीका, जर्मनी और ऑस्ट्रेलिया सहित 17 देशों से आए विदेशी भक्तों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। संपूर्ण कृष्ण नगरी भक्ति और आस्था के रंग में रंगी नजर आई। जगह-जगह हरिनाम संकीर्तन के साथ भक्त नाचते-झूमते दिखे, और वातावरण "राधे-कृष्ण" के जयकारों से गूंज उठा।

धार्मिक मान्यता के अनुसार, आज से लगभग 5052 वर्ष पूर्व द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण ने दीपावली के दूसरे दिन इंद्र पूजा को रोककर गिरिराज महाराज की पूजा का विधान प्रारंभ किया था। ब्रजवासियों ने इंद्र की जगह गिरिराज पूजन और अन्नकूट भोग अर्पित किया था। तभी से यह परंपरा हर वर्ष दीपावली के बाद ब्रजभूमि में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई जाती है।