सौ से अधिक लोगों का किडनी निकालकर बेचने वाला फरार डा.देवेंद्र शर्मा हुआ गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। देशभर में अपने जघन्य अपराधों के लिए कुख्यात सीरियल किलर देवेंद्र शर्मा को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर ही लिया है।

अलीगढ़ / जनमत न्यूज । उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। देशभर में अपने जघन्य अपराधों के लिए कुख्यात सीरियल किलर देवेंद्र शर्मा को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर ही लिया है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी राजस्थान के दौसा जिले में एक आश्रम में पुजारी बनकर छिपा हुआ था। लेकिन दिल्ली क्राइम ब्रांच ने उसे धर दबोचा हैं।
देवेंद्र शर्मा, जिसे डॉक्टर डेथ के नाम से भी जाना जाता है। कभी आयुर्वेदिक चिकित्सक हुआ करता था। लेकिन वक्त के साथ वह एक खूंखार अपराधी में तब्दील हो गया। रिपोर्ट्स के अनुसार, वो हत्या के बाद शवों को मगरमच्छों को खिला देता था, ताकि सबूत मिट जाएं।
बताया जा रहा है कि देवेंद्र शर्मा ने 1984 में बिहार से BAMS की पढ़ाई पूरी की थी और अलीगढ़ के पास स्थित बंदीकुई में 'जनता क्लिनिक' के नाम से एक आयुर्वेदिक क्लिनिक चलाता था। लेकिन 1994 में गैस एजेंसी के एक फर्जीवाड़े में 11 लाख रुपये की ठगी का शिकार होने के बाद उसने अपराध की दुनिया में कदम रख दिया।
बतादें कि दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा जैसे राज्यों में कई हत्याओं और अंग तस्करी जैसे संगीन मामलों में लिप्त इस आरोपी का नाम किडनी रैकेट से भी जुड़ा रहा है। 2023 में पैरोल पर रिहा होने के बाद से ही वो फरार चल रहा था।
क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि वो दौसा के एक आश्रम में छिपा हुआ है। जैसे ही उसने मोबाइल चार्ज कर ऑन किया, उसकी लोकेशन ट्रेस हो गई और पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस यह जानने की कोशिश में जुटी है कि फरारी के दौरान वह किन लोगों के संपर्क में था और क्या इस दौरान भी उसने कोई आपराधिक गतिविधियां अंजाम दी हैं।