फर्रुखाबाद: सीपी इंटरनेशनल हॉस्टल के वार्डन ने की बच्चो के साथ मारपीट, अभिभावकों में भारी आक्रोश
उप्र के फर्रुखाबाद जनपद से इस वक्त की बड़ी और शर्मसार कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां सीपी इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल के हॉस्टल में वार्डन द्वारा छात्रों के साथ हुई बर्बर पिटाई का मामला सामने आया है।
फर्रुखाबाद से वरुण दुबे की रिपोर्ट
फर्रुखाबाद/जनमत न्यूज़। उप्र के फर्रुखाबाद जनपद से इस वक्त की बड़ी और शर्मसार कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां सीपी इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल के हॉस्टल में वार्डन द्वारा छात्रों के साथ हुई बर्बर पिटाई का मामला सामने आया है।
रात में स्कूल की लाइट चली जाने के बाद भयभीत बच्चों द्वारा मचाए गए शोर को शांत करने के नाम पर वार्डन सत्यजीत तिवारी ने करीब 5 दर्जन से अधिक छात्रों को डंडों से जमकर पीटा। कई बच्चों के शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही छात्रों के परिजन देर रात स्कूल पहुंचे और बच्चों की हालत देखकर सकते में आ गए। परिजनों ने इस बर्बरता की सूचना थाना मऊ दरवाजा पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल छात्रों से पूछताछ की और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने वार्डन सत्यजीत तिवारी को हिरासत में ले लिया है। इस घटना ने स्थानीय स्तर पर काफी आक्रोश पैदा कर दिया है। अभिभावक आरोप लगा रहे हैं कि बच्चों को डराने-धमकाने और मारपीट की घटनाएं पहले भी होती रही हैं, लेकिन इस बार पिटाई इतनी निर्मम थी कि कई बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक रात्रि में स्कूल की लाइट चली गई। अंधेरे से घबराए करीब 5 दर्जन छात्र जो हॉस्टल में रह रहे थे, उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर वार्डन ने डंडों से छात्रों की बेरहमी से पिटाई कर दी।
शिक्षा के मंदिर में बच्चों के साथ इस तरह की बर्बरता पर अभिभावकों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। पुलिस ने छात्रों के बयान दर्ज कर लिए हैं और घायलों का मेडिकल कराया जा रहा है। मामले में आगे की जांच की जा रही है। वार्डन सत्यजीत तिवारी की भूमिका की भी जांच हो रही है।
अभिभावकों ने मांग की है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और स्कूल प्रबंधन पर भी जिम्मेदारी तय की जाए ताकि भविष्य में बच्चों के साथ ऐसी घटनाएं न दोहराई जाएं।
बताया जा रहा है कि C P इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल भाजपा नेत्री मिथलेश अग्रवाल का है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई में जुटी है।


