संभल में हरिहर मंदिर तक पदयात्रा को लेकर हंगामा, बैरिकेडिंग पर पुलिस और समर्थकों में धक्का-मुक्की

संभल में महंत ऋषिराज गिरी की हरिहर मंदिर तक पदयात्रा को पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर रोका। समर्थकों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बनी। सीओ की समझाइश के बाद पदयात्रा वापस लौटी।

संभल में हरिहर मंदिर तक पदयात्रा को लेकर हंगामा, बैरिकेडिंग पर पुलिस और समर्थकों में धक्का-मुक्की
Published By- A.K. Mishra

रिपोर्ट- रामव्रेश, कैमरा पर्सन- सर्वेश कुमार 

संभल/जनमत न्यूज़। उत्तर प्रदेश के संभल में हरिहर मंदिर और शाही जामा मस्जिद से जुड़े विवाद के बीच एक बार फिर माहौल गरमा गया। कैला देवी धाम के महंत ऋषिराज गिरी महाराज ने हरिहर मंदिर तक पदयात्रा निकालने का ऐलान किया था। इसी क्रम में कैला देवी धाम से पदयात्रा का शुभारंभ हुआ, जिसमें महंत ऋषिराज गिरी के साथ सैकड़ों की संख्या में समर्थक शामिल हुए।

पदयात्रा के आगे बढ़ने से पहले ही पुलिस प्रशासन सतर्क था। प्रशासन की ओर से पदयात्रा की अनुमति नहीं दी गई थी। ऐसे में पुलिस ने रास्ते में बैरिकेडिंग लगाकर यात्रा को रोकने की व्यवस्था की थी।

जैसे ही पदयात्रा आगे बढ़ी, पुलिस ने पहली बैरिकेडिंग पर उसे रोकने का प्रयास किया। इस दौरान पदयात्रा में शामिल कुछ लोगों ने बैरिकेडिंग को धकेलते हुए आगे बढ़ने की कोशिश की। इसे लेकर पुलिस और पदयात्रियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मशक्कत करनी पड़ी।

बताया गया कि पहली बैरिकेडिंग पर रोकने के बावजूद पदयात्रा में शामिल लोग आगे बढ़ने का प्रयास करते रहे। पुलिस प्रशासन लगातार महंत ऋषिराज गिरी को समझाने में जुटा रहा। इसके बाद पुलिस ने दूसरी बैरिकेडिंग के पास यात्रा को रोकते हुए वापस लौटने के लिए कहा।

काफी देर तक चले घटनाक्रम के बाद संभल सीओ कुलदीप सिंह ने महंत ऋषिराज गिरी से बातचीत की और उन्हें कानूनी पहलुओं की जानकारी देते हुए समझाया। पुलिस की समझाइश के बाद महंत ऋषिराज गिरी ने पदयात्रा रोकने का फैसला लिया। इसके बाद वह समर्थकों के साथ उसी रास्ते से वापस कैला देवी मंदिर लौट गए।

संभल सीओ कुलदीप सिंह ने बताया कि महंत जी को मामले के कानूनी पहलुओं से अवगत कराया गया है। उन्हें यह भी बताया गया है कि प्रकरण माननीय न्यायालय में विचाराधीन है। न्यायालय का जो भी निर्णय होगा, उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। सीओ के मुताबिक, महंत जी को पूरी बात समझाई गई, जिस पर वह सहमत हो गए।

सीओ ने यह भी बताया कि मंदिर के परिक्रमा मार्ग पर नियमित रूप से परिक्रमा होती है, जो प्रत्येक सोमवार को भी आयोजित की जाती है। मौके पर भीड़ होने के कारण कुछ समस्याएं जरूर आईं, लेकिन उनके अनुसार धक्का-मुक्की जैसी कोई बात नहीं हुई।

फिलहाल पुलिस प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया है।