हरदोई: निर्माणाधीन बाईपास पर स्लैब के नीचे दबा मिला छात्र का शव, परिजनों ने जताया हत्या का शक
उप्र के हरदोई में शहर कोतवाली क्षेत्र के बावन रोड पर एक निर्माणाधीन बाईपास पर सीमेंट के भारी स्लैब के नीचे कक्षा 10 के छात्र का शव दबा हुआ पाया गया।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई में शहर कोतवाली क्षेत्र के बावन रोड पर एक निर्माणाधीन बाईपास पर सीमेंट के भारी स्लैब के नीचे कक्षा 10 के छात्र का शव दबा हुआ पाया गया। मामले की सूचना पाकर शहर कोतवाली पुलिस के साथ सीओ सिटी अंकित मिश्रा फॉरेंसिक टीम को लेकर पहुंचे। पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।
वहीं मृतक के परिजनों ने मृतक के दोस्त पर हत्या की शंका जताई है। मृतक कल अपने घर से दोस्तों के साथ बाहर जाने की बात कहकर निकला था और वापस नहीं आया था। इस मामले में मृतक के पिता ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
सीओ ने बताया कि पैनल के माध्यम से पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है जांच पड़ताल की जा रही है जो भी तथ्य सामने आएंगे कार्यवाही की जाएगी।
यह सनसनीखेज वारदात शहर कोतवाली इलाके के बावन रोड की है। शहर कोतवाली क्षेत्र के बाबा मंदिर चौहान थोक निवासी 15 वर्षीय किशोर आयुष गुप्ता उर्फ उमंग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से तब सनसनी फैल गई जब उसका शव निर्माणाधीन बाईपास में दबा हुआ मिला।
किशोर शनिवार सुबह से लापता था जिसकी परिजन लगातार तलाश कर रहे थे। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और परिजनों द्वारा संयुक्त रूप से किशोर की तलाश शुरू की गई।
आज आयुष का शव बावन रोड स्थित निर्माणाधीन बाईपास के पास दबा हुआ मिला। शव सीमेंट के भारी स्लैब के नीचे दबा हुआ पाया गया जिससे घटना की गंभीरता और रहस्यमय स्थिति सामने आई।
शव मिलने की सूचना मिलते ही मौके पर भारी संख्या में लोग एकत्र हो गए और परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने किशोर की हत्या कर शव छिपाए जाने की आशंका जताई है।
सूचना पर शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की।पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस मामले को लेकर सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने बताया कि बावन रोड स्थित निर्माणाधीन बाईपास पर सीमेंट स्लैब के नीचे दबा एक किशोर का शव मिला है। शव की पहचान आयुष गुप्ता के रूप में हुई है, जो शनिवार से लापता था।
उन्होंने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम वीडियोग्राफी पैनल के साथ कराया जा रहा है, ताकि मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सके। मामले के खुलासे के लिए पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।

Janmat News 
