प्रदेश के इन जिलों में कई सड़क परियोजनाओं को मिली मंजूरी
लखनऊ (जनमत) :- यूपी के मुख्य सचिव एसपी गोयल की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई उच्च स्तरीय समिति की बैठक में बुलंदशहर, जौनपुर, गाजीपुर, जालौन, चित्रकूट और गोरखपुर में छह सड़क परियोजनाओं को मानकों को ढीला कर मंजूरी प्रदान की गई। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए हैं कि सभी स्वीकृत परियोजनाओं का क्रियान्वयन उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से संबंधित क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था अधिक सुचारु होगी और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।इन स्वीकृत परियोजनाओं के तहत बुलंदशहर में 2491.00 लाख रुपये की लागत से एनएच-334सी (गाजियाबाद-बुलंदशहर जीटी रोड) से प्रस्तावित 75 मीटर चौड़ी एनएचएआई लिंक रोड, जो एनएच-334सी और एनएच-334(अलीगढ़ मेरठ मार्ग) को जोड़ती है, तक 30 मीटर चौड़े महायोजना मार्ग (कनेक्टिंग रुट) का नव निर्माण एवं विकास किया जाएगा।
इसकी कुल लंबाई 2.450 किमी है। जौनपुर में 525.46 लाख रुपये से त्रिकोलिया अखण्डनगर मार्ग के किमी-19 से सीबीजी (कम्प्रेस्ड बायो गैस) प्लांट गैरवाह तक पहुंच मार्ग का निर्माण कार्य किया जाएगा, जिसकी कुल लंबाई 2.435 किमी है। वहीं जालौन में 4088.95 लाख रुपये की लागत से कालपी तहसील में रेलवे लाइन के पास इन्डस्ट्रियल एरिया कांशीराम कालोनी होते हुए काशीखेड़ा तक किमी एक से 7 व 8 का नव निर्माण किया जाएगा, जिसकी कुल लंबाई-7.4 किमी है। फिलहाल विकास कार्य तेजी के साथ पूर्ण हो रहें हैं.

Janmat News 
