उरई: श्मशान घाट की समुचित व्यवस्था न होने पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, प्रधान के दरवाजे पर रखा शव

उप्र के उरई जनपद के कोंच तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत खैरावर व्यौना रियासत में श्मशान घाट की समुचित व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश भड़क गया।

उरई: श्मशान घाट की समुचित व्यवस्था न होने पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, प्रधान के दरवाजे पर रखा शव
Published By- Diwaker Mishra

उरई से सुनील शर्मा की रिपोर्ट

उरई/जनमत न्यूज़। उप्र के उरई जनपद के कोंच तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत खैरावर व्यौना रियासत में श्मशान घाट की समुचित व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश भड़क गया। अंतिम संस्कार के लिए जगह नहीं मिलने से नाराज दर्जनों ग्रामीण मृतक के शव को ट्रैक्टर में रखकर ग्राम प्रधान के घर पहुंच गए।

ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान के घर के दरवाजे पर शव रखकर जमकर नारेबाजी की और गांव में श्मशान घाट की व्यवस्था नहीं होने पर नाराजगी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में लंबे समय से श्मशान घाट की समस्या बनी हुई है। इसके चलते किसी व्यक्ति की मृत्यु होने पर अंतिम संस्कार के लिए दूसरे गांव के श्मशान घाट का सहारा लेना पड़ता है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार समस्या से जिम्मेदारों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका। घटना के बाद गांव में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।

मृतक के भाई अरविंद कुमार और ग्रामीण राज ने मामले की जानकारी दी। मृतक के परिजनों ने कोंच एसडीएम अभिनव कुमार को फोन पर पूरे मामले से अवगत कराया। सूचना के बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए दूसरे गांव के श्मशान घाट ले गए। ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव में जल्द से जल्द श्मशान घाट की व्यवस्था कराए जाने की मांग की है।