BMC चुनाव में साथ आएंगे उद्धव-राज ठाकरे; संजय राउत बोले- 20 साल अलग रहे, अब भाजपा को सिखाएंगे सबक

मुंबई महानगर पालिका (BMC) चुनावों में उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे एक साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे। शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत ने इस गठबंधन का एलान किया।

BMC चुनाव में साथ आएंगे उद्धव-राज ठाकरे; संजय राउत बोले- 20 साल अलग रहे, अब भाजपा को सिखाएंगे सबक
Published By- Diwaker Mishra

मुंबई/जनमत न्यूज़। महाराष्ट्र की सियासत में ठाकरे बंधुओं ने एक बड़ा फैसला लेकर सबको चौंका दिया है। मुंबई महानगर पालिका (BMC) चुनावों में उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे एक साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे। शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत ने इस गठबंधन का एलान किया।

संजय राउत ने कहा कि उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे आज चुनावी गठबंधन की घोषणा करने के लिए एकजुट होंगे। उन्होंने कहा, 'यह महाराष्ट्र और मराठी जनता के लिए खुशी का क्षण है। बालासाहेब ठाकरे ने यहीं के मूल निवासियों के लिए शिवसेना की स्थापना की थी।'

भाजपा को सबक सिखाने के लिए हुए एकजुट

शिवसेना (UBT) के नेता ने कहा, '20 वर्षों तक ठाकरे बंधुओं का साथ नहीं रहा और महाराष्ट्र को इसका बहुत नुकसान उठाना पड़ा। अब भाजपा को सबक सिखाने और मुंबई में चल रही लूट को रोकने के लिए उद्धव और राज ठाकरे एकजुट हुए हैं। हम मुंबई की 10 नगर निगमों में एक साथ चुनाव लड़ेंगे।'

कांग्रेस ने गठबंधन के एलान पर खड़े किए सवाल

MNS चुनाव के लिए शिवसेना (UBT) और MNS के गठबंधन पर कांग्रेस नेता अतुल लोंढे ने कहा कि आज खबर आई है कि अजित पवार और शरद पवार गठबंधन करने जा रहे हैं। उन्होंने सवाल खड़े करते हुए कहा कि क्या इसका मतलब यह है कि महायुति में फूट पड़ गई है?

महाराष्ट्र के लिए ऐतिहासिक दिन

इस गठबंधन के एलान पर शिवसेना (UBT) विधायक सचिन अहीर ने कहा कि महाराष्ट्र की राजनीति में यह एक ऐतिहासिक दिन है, जब ठाकरे परिवार एक साथ आ रहे हैं। उन्होंने कहा,  'महाराष्ट्र के लिए इसकी बहुत जरूरत है। यह आशा की किरण है। आज दोपहर गठबंधन का एलान किया जाएगा। भाजपा के विरोधियों को एकजुट होना चाहिए।'