प्रतापगढ़: जौहर यूनिवर्सिटी पर कार्रवाई के विरोध में सपा का प्रदर्शन, खून से लिखा ज्ञापन सौंपा

प्रतापगढ़: जौहर यूनिवर्सिटी पर कार्रवाई के विरोध में सपा का प्रदर्शन, खून से लिखा ज्ञापन सौंपा
Published By- Diwaker Mishra

प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट

प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। जौहर यूनिवर्सिटी पर संभावित प्रशासनिक कार्रवाई के विरोध में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उप्र के प्रतापगढ़ जनपद में मंगलवार को प्रदर्शन किया। इस दौरान सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए राज्यपाल के नाम प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया।

प्रदर्शन के दौरान मुलायम यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष साजिद अली ने अपने खून से लिखा ज्ञापन अधिकारियों को सौंपकर विरोध दर्ज कराया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार नक्शे को आधार बनाकर जौहर यूनिवर्सिटी पर कार्रवाई की तैयारी कर रही है।

साजिद अली ने कहा कि प्रदेश में कई इमारतें बिना स्वीकृत नक्शे के संचालित हो रही हैं। यदि इसी आधार पर कार्रवाई की जाती है, तो पूरे प्रदेश में समान रूप से कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जौहर यूनिवर्सिटी किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि सभी वर्गों के छात्र-छात्राओं के लिए शिक्षा का केंद्र है।

सपा नेताओं ने सरकार से यूनिवर्सिटी पर किसी भी प्रकार की बुलडोजर कार्रवाई न करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई की गई तो समाजवादी पार्टी प्रतापगढ़ में बड़ा जनआंदोलन शुरू करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी।