संभल: दिल्ली में अखिलेश यादव की हिरासत पर सपा का प्रदर्शन, सरकार के खिलाफ की जमकर नारेबाजी

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को दिल्ली में हिरासत में लिए जाने की खबर के बाद उप्र के संभल जनपद में सपाइयों में भारी आक्रोश देखने को मिला।

संभल: दिल्ली में अखिलेश यादव की हिरासत पर सपा का प्रदर्शन, सरकार के खिलाफ की जमकर नारेबाजी
Published By- Diwaker Mishra

संभल से रामव्रेश यादव की रिपोर्ट

संभल/जनमत न्यूज़। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को दिल्ली में हिरासत में लिए जाने की खबर के बाद उप्र के संभल जनपद में सपाइयों में भारी आक्रोश देखने को मिला।

बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए और नेशनल हाईवे पर प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया।

उप्र के संभल जनपद के बहजोई कोतवाली क्षेत्र स्थित मुख्य चौराहे पर समाजवादी पार्टी के दर्जनों पदाधिकारी और कार्यकर्ता नेशनल हाईवे पर पहुंच गए। नाराज कार्यकर्ता सड़क पर बैठकर धरना देने लगे और प्रदेश व केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को हिरासत में लेना लोकतंत्र पर हमला है और सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है।

प्रदर्शन के दौरान सपाइयों ने इस कार्रवाई को पूरी तरह अलोकतांत्रिक बताते हुए केंद्र सरकार की कड़ी आलोचना की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विपक्ष के नेताओं को इस तरह हिरासत में लेना संविधान की भावना के विपरीत है।

प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी उठाई और सरकार विरोधी नारे लगाए।नेशनल हाईवे पर प्रदर्शन की सूचना मिलते ही बहजोई कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई।

पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। कुछ समय तक सड़क पर धरना और नारेबाजी जारी रही। फिलहाल मौके पर पुलिस बल तैनात है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

सपा के प्रदेश महासचिव कृष्ण मुरारी ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार छात्रों तथा युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। है कि लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है।

उन्होंने कहा कि जब छात्र अपनी मांगों को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पहुंचे और शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया, तब सरकार ने उनके साथ सख्ती की। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन में शामिल छात्रों और महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया गया।

कृष्ण मुरारी ने कहा कि समाजवादी पार्टी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करती है। उनका कहना है कि सरकार ऐसी व्यवस्था बनाए जिससे भविष्य में किसी भी प्रतियोगी परीक्षा का पेपर लीक न हो और युवाओं को पारदर्शी तरीके से रोजगार के अवसर मिल सकें।

उन्होंने कहा कि प्रदेश का नौजवान, छात्र, किसान और बेरोजगार समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के संघर्ष के साथ खड़ा है। अंत में उन्होंने पार्टी के समर्थन में नारे लगाते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी छात्रों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई आगे भी लड़ती रहेगी।