मुजफ्फरनगर: मदिरा की दुकानों पर आबकारी विभाग की सख्ती, स्टॉक का किया सत्यापन

उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आबकारी विभाग ने जनपद में संचालित मदिरा की दुकानों का निरीक्षण किया।

मुजफ्फरनगर: मदिरा की दुकानों पर आबकारी विभाग की सख्ती, स्टॉक का किया सत्यापन
Published By- Diwaker Mishra

मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट

मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आबकारी विभाग ने जनपद में संचालित मदिरा की दुकानों का निरीक्षण किया। जिला आबकारी अधिकारी एवं आबकारी निरीक्षकों की टीम ने दुकानों पर पहुंचकर बिक्री व्यवस्था और स्टॉक की जांच की।

निरीक्षण के दौरान पॉश मशीन के माध्यम से मदिरा की बिक्री सुनिश्चित करने के साथ दुकानों में उपलब्ध स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया गया। अधिकारियों ने यह भी जांच की कि उपभोक्ताओं को मदिरा निर्धारित मूल्य पर ही उपलब्ध कराई जा रही है या नहीं।

निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली की शिकायतों की जांच के लिए विभाग की ओर से गोपनीय टेस्ट परचेज भी कराए गए। अधिकारियों ने अनुज्ञापियों और विक्रेताओं को निर्धारित नियमों के अनुसार बिक्री करने के निर्देश दिए।

आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया कि मदिरा की बिक्री में निर्धारित मूल्य और विभागीय नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। किसी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उपभोक्ता किसी भी प्रकार की शिकायत के लिए जन शिकायत ऐप के माध्यम से शिकायत दर्ज करा सकते हैं।