हाईवे किनारे बक्से में मिला महिला का शव, इलाके में सनसनी—हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
अपर पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या कर शव को बक्से में बंद कर सुनसान स्थान पर फेंक दिया गया।
कौशाम्बी से राहुल भट्ट की रिपोर्ट —
कौशाम्बी/जनमत न्यूज। जनपद के कोखराज थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब हाईवे किनारे झाड़ियों में एक बंद बक्से के अंदर महिला का शव बरामद हुआ। बुधवार देर शाम मिली इस सूचना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोखराज थाना क्षेत्र की चकिया ग्राम सभा के पास ग्रामीणों ने झाड़ियों में एक संदिग्ध बक्सा देखा। शक होने पर उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब बक्सा खोला तो उसके अंदर एक महिला का रक्तरंजित शव मिला, जिसे देखकर वहां मौजूद लोग स्तब्ध रह गए।
घटना की सूचना पर फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने में जुट गई। पुलिस ने शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
अपर पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या कर शव को बक्से में बंद कर सुनसान स्थान पर फेंक दिया गया। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।
इस सनसनीखेज वारदात ने क्षेत्र में कई सवाल खड़े कर दिए हैं—आखिर महिला कौन है, उसकी हत्या किसने और क्यों की? पुलिस अब इन सभी सवालों के जवाब तलाशने में जुटी है।

Janmat News 
