संदिग्ध परिस्थितियों में हुई एक युवक की मौत से मचा हड़कंप
34 वर्षीय युवक शिव गौतम का शव तालाब किनारे संदिग्ध हालात में मिला। मृतक के शरीर पर चोट के स्पष्ट निशान पाए गए हैं, जिससे परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

रायबरेली / जनमत न्यूज। जनपद रायबरेली के हरचंदपुर थाना क्षेत्र स्थित गंगागंज गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया जब 34 वर्षीय युवक शिव गौतम का शव तालाब किनारे संदिग्ध हालात में मिला। मृतक के शरीर पर चोट के स्पष्ट निशान पाए गए हैं, जिससे परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृतक के परिजन आक्रोशित हो गए और शव को रखकर हंगामा शुरू कर दिया। उनका आरोप था कि घटना के कई घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस द्वारा कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सीओ सिटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए।
बताया जा रहा है कि मृतक के ससुराल पक्ष से उसका विवाद चल रहा था, जिसके चलते परिजनों ने आशंका जताई है कि यह एक सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या हो सकती है। पुलिस ने अब मामले की गंभीरता को देखते हुए तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और घटना की जांच की जा रही है।