अमेठी: दुकान में सेंधमारी की फिराक में थे तीन शातिर, पुलिस ने दबोचा; तमंचा-कारतूस बरामद
उप्र के अमेठी जनपद के थाना पीपरपुर पुलिस ने ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत चोरी की योजना बना रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तमंचा, कारतूस समेत चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले विभिन्न उपकरण बरामद किए हैं।
अमेठी से राम मिश्रा की रिपोर्ट
अमेठी/जनमत न्यूज़। उप्र के अमेठी जनपद के थाना पीपरपुर पुलिस ने ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत चोरी की योजना बना रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तमंचा, कारतूस समेत चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले विभिन्न उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी दुर्गापुर रेलवे क्रॉसिंग के पास स्थित एक दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे।
पुलिस के मुताबिक पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी अमेठी मनोज कुमार मिश्रा के नेतृत्व में संदिग्ध व्यक्तियों एवं अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को थाना पीपरपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमरनाथ तिवारी व राकेश पाण्डेय दोनो निवासी जिला- प्रतापगढ़ तथा कल्लू उर्फ राजेन्द्र पाल निवासी जनपद सुलतानपुर, वर्तमान पता कांशीराम कॉलोनी जोगापुर, थाना कोतवाली नगर प्रतापगढ़ के रूप में हुई।
पुलिस ने तलाशी के दौरान अमरनाथ तिवारी के कब्जे से एक तमंचा और दो जिंदा कारतूस 12 बोर, राकेश पाण्डेय के पास से लोहे का सब्बल और पेचकश, जबकि कल्लू उर्फ राजेन्द्र पाल के कब्जे से कटर, प्लास, टार्च और चाभियों का गुच्छा बरामद किया।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि बरामद उपकरणों की मदद से वे दुर्गापुर रेलवे क्रॉसिंग के पास बनी दुकान में चोरी करने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।




