अज्ञात वाहन की टक्कर से ऑटो हादसा, बेटे की मौत, पिता गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर

विराहिमपुर निवासी 18 वर्षीय आकाश अपने पिता हाकिम सिंह के साथ ऑटो में सवार होकर जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ऑटो पलट गया और दोनों पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए।

अज्ञात वाहन की टक्कर से ऑटो हादसा, बेटे की मौत, पिता गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

एटा से नंद कुमार की रिपोर्ट —

एटा/जनमत न्यूज। जनपद एटा में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका पिता गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा कोतवाली देहात थाना क्षेत्र में भाजपा कार्यालय के समीप उस समय हुआ, जब एक ऑटो को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विराहिमपुर निवासी 18 वर्षीय आकाश अपने पिता हाकिम सिंह के साथ ऑटो में सवार होकर जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ऑटो पलट गया और दोनों पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद दोनों सड़क पर खून से लथपथ पड़े मिले।

स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को उपचार के लिए वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज एटा में भर्ती कराया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के दौरान 18 वर्षीय आकाश को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके पिता हाकिम सिंह की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।

घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पूरे गांव में इस घटना से शोक का माहौल है।

मृतक के चचेरे भाई राजा कश्यप ने बताया कि वह घर की ओर लौट रहे थे, तभी रास्ते में उन्होंने एक ऑटो पलटा हुआ देखा, जो उनके चाचा का निकला। इसके बाद वे तुरंत अस्पताल पहुंचे, जहां उनके भाई आकाश का शव रखा हुआ था और चाचा की हालत गंभीर थी।

वहीं मामले में लिप्टन चौकी प्रभारी गगनदीप ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां बेटे की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश के साथ मामले की जांच की जा रही है।