हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट —
हरदोई/जनमत न्यूज़। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रस्तावित विधानसभा घेराव कार्यक्रम के तहत लखनऊ रवाना होने जा रहे हरदोई कांग्रेस जिलाध्यक्ष विक्रम पांडेय समेत कई कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में सवार होने के दौरान पुलिस ने उन्हें दौड़ाकर पकड़ा। इस दौरान स्टेशन परिसर में भारी पुलिस बल तैनात रहा और पूरे क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, कांग्रेस जिलाध्यक्ष विक्रम पांडेय के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता पंजाब मेल ट्रेन से लखनऊ जाने के लिए हरदोई रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। पहले से मौजूद पुलिस बल ने घेराबंदी करते हुए जिलाध्यक्ष सहित कई नेताओं को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए गए नेताओं में शहर कांग्रेस अध्यक्ष अनुपम दीक्षित, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहन सिंह, जिला उपाध्यक्ष अजीत सिंह चंदेल, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष हसन अहमद इस्लाम गाज़ी, शहर महामंत्री अभय कुशवाहा, नगर उपाध्यक्ष तथा सेवा दल जिला अध्यक्ष शिवम अग्निहोत्री शामिल हैं।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि विधानसभा घेराव कार्यक्रम को रोकने के उद्देश्य से प्रशासन ने दमनात्मक कार्रवाई की है। उनका कहना है कि एक दिन पूर्व से ही जिले के अधिकांश प्रमुख कांग्रेस नेताओं के आवासों पर पुलिस बल तैनात कर उन्हें नजरबंद कर दिया गया था।
जिलाध्यक्ष विक्रम पांडेय ने कहा कि भाजपा सरकार कांग्रेस की बढ़ती सक्रियता से घबराई हुई है और उसी के इशारे पर पुलिस कार्रवाई की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि रेलवे स्टेशन पर छावनी जैसी व्यवस्था, घरों की घेराबंदी और नेताओं की गिरफ्तारी सरकार की घबराहट का प्रमाण है।
हालांकि कांग्रेस नेताओं ने दावा किया है कि कड़ी पुलिस घेराबंदी के बावजूद चार कांग्रेसी नेता लखनऊ पहुंचने में सफल रहे। इनमें जिला महासचिव राजेंद्र वर्मा, पाली नगर अध्यक्ष अहद अली, योगेंद्र सिंह तथा शहर उपाध्यक्ष विनोद यादव शामिल बताए जा रहे हैं।
पुलिस प्रशासन की ओर से इस संबंध में आधिकारिक बयान की प्रतीक्षा है। फिलहाल जिले में राजनीतिक हलचल तेज है और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश व्याप्त है।