बलरामपुर: टाइनी टाट्स कॉलेज के विदाई समारोह में भावुक हुआ माहौल, 10 व 12 के छात्र-छात्राओं को दी शुभकामनाएँ

बलरामपुर के उतरौला बाजार स्थित टाइनी टाट्स इंटर कॉलेज में कक्षा 10 व 12 के छात्र-छात्राओं के लिए भावपूर्ण फेयरवेल पार्टी का आयोजन मन मंदिर टॉकीज के समीप विद्यालय परिसर में किया गया।

बलरामपुर: टाइनी टाट्स कॉलेज के विदाई समारोह में भावुक हुआ माहौल, 10 व 12 के छात्र-छात्राओं को दी शुभकामनाएँ
Published By- Diwaker Mishra

बलरामपुर से गुलाम नबी कुरैशी की रिपोर्ट

बलरामपुर/जनमत न्यूज़। यूपी के बलरामपुर के उतरौला बाजार स्थित टाइनी टाट्स इंटर कॉलेज में कक्षा 10 व 12 के छात्र-छात्राओं के लिए भावपूर्ण फेयरवेल पार्टी का आयोजन मन मंदिर टॉकीज के समीप विद्यालय परिसर में किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के डायरेक्टर सैफ अली द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात छात्र-छात्राओं ने विद्यालय की संरक्षिका जहांआरा, डायरेक्टर सैफ अली तथा सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का बैच अलंकरण कर सम्मान व्यक्त किया।

समारोह में विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। गीत, नृत्य, हास्य प्रस्तुति और भावनात्मक वक्तव्यों ने उपस्थित सभी लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कई छात्र-छात्राएं अपने विद्यालय जीवन की यादें साझा करते हुए भावुक नजर आए, वहीं जूनियर विद्यार्थियों ने सीनियरों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की ओर से सभी विदा ले रहे छात्र-छात्राओं को स्मृति-चिह्न एवं उपहार प्रदान किए गए। इसके बाद सामूहिक भोज का आयोजन हुआ, जिसमें छात्र-छात्राएं, शिक्षक-शिक्षिकाएं व विद्यालय परिवार ने एक साथ बैठकर भोजन कर आत्मीयता का परिचय दिया।

डायरेक्टर सैफ अली ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का स्थान है। उन्होंने छात्रों से अनुशासन, परिश्रम और सकारात्मक सोच को जीवन का मूल मंत्र बनाने की प्रेरणा देते हुए कहा कि लक्ष्य बड़ा रखें और निरंतर प्रयास करते रहें, सफलता अवश्य मिलेगी।

प्रधानाचार्य मनीष कुमार सिंह ने कहा कि बोर्ड परीक्षा जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है, लेकिन यही अंत नहीं बल्कि नई शुरुआत है। उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास बनाए रखने और समय प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी।

अध्यापिका फातमा ने कहा कि विद्यार्थी जहां भी जाएं, अपने संस्कार और विद्यालय का नाम रोशन करें तथा सदैव सीखने की प्रवृत्ति बनाए रखें। वहीं अध्यापक राशिद हुसैन ने कहा कि कठिन परिश्रम और धैर्य से हर सपना पूरा किया जा सकता है, इसलिए असफलता से घबराए बिना आगे बढ़ते रहना चाहिए।

अंत में विद्यालय की संरक्षिका जहां आरा ने विद्यार्थियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा पास करना नहीं बल्कि एक अच्छा इंसान बनना है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि जीवन में जहां भी रहें, अपने माता-पिता और गुरुओं का सम्मान कभी न भूलें।

समारोह का समापन भावुक माहौल में हुआ, जहां विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों का आशीर्वाद लिया और विद्यालय की यादों को अपने दिल में संजोकर नए सफर की ओर बढ़ने का संकल्प लिया।