तेज रफ्तार एंबुलेंस ने सड़क पार कर रही मासूम को कुचला, मौके पर मौत, ग्रामीणों ने लगाया जाम
औरैया की ओर से आ रही एंबुलेंस तेज गति में थी। इसी दौरान सड़क पार कर रही मासूम रिया को एंबुलेंस ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्ची उछलकर एंबुलेंस के पिछले पहिए के नीचे आ गई, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
औरैया से अरूण बाजपेयी की रिपोर्ट —
औरैया/जनमत न्यूज़। जनपद औरैया के दिबियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चिचोली में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार एंबुलेंस ने सड़क पार कर रही पांच वर्षीय बच्ची को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक बच्ची की पहचान ग्राम चिचोली निवासी रिया पुत्री जयचंद्र यादव के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, औरैया की ओर से आ रही एंबुलेंस तेज गति में थी। इसी दौरान सड़क पार कर रही मासूम रिया को एंबुलेंस ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्ची उछलकर एंबुलेंस के पिछले पहिए के नीचे आ गई, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दुर्घटना के बाद एंबुलेंस चालक वाहन को मौके से तेजी से भगा ले गया। लोगों ने एंबुलेंस को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक फरार हो गया।
घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने बच्ची के शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। सूचना मिलते ही दिबियापुर थाना पुलिस सहित आसपास के कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई और हालात को संभालने का प्रयास किया।
पुलिस अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। करीब एक घंटे तक सड़क पर यातायात बाधित रहा। अधिकारियों के आश्वासन के बाद जाम खुल सका और यातायात बहाल किया गया।
पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में एंबुलेंस चालक की तलाश की जा रही है और घटना की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Janmat News 
