ओवरटेक विवाद में ट्रक चालक की बेरहमी से हत्या, लोहे की रॉड से पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट

हमलावरों ने अनूप के सिर पर ताबड़तोड़ वार किए और उसके पैर भी तोड़ दिए। घायल चालक रहम की भीख मांगता रहा, लेकिन सड़क से गुजर रहे अधिकांश लोग तमाशबीन बने रहे।

ओवरटेक विवाद में ट्रक चालक की बेरहमी से हत्या, लोहे की रॉड से पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

एटा से नंद कुमार की रिपोर्ट —

एटा/जनमत न्यूज। धर्मनगरी मथुरा के हाइवे थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां जयगुरुदेव आश्रम के समीप हाइवे पर अज्ञात कार सवारों ने एक ट्रक चालक की सरेराह बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल ट्रक चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हमलावरों की क्रूरता साफ तौर पर देखी जा सकती है।

जानकारी के अनुसार, एटा जिले के कुंजलपुर गांव निवासी 28 वर्षीय अनूप यादव पुत्र राकेश कुमार ट्रक चालक था। वह मंगलवार को गुरुग्राम से बेंगलुरु की ओर ट्रक में सामान लोड कर जा रहा था। शाम करीब 8:30 बजे मथुरा जनपद के हाइवे थाना क्षेत्र में अज्ञात कार सवार युवकों ने ट्रक को ओवरटेक कर रोका। इसके बाद कार सवारों ने चालक से गाली-गलौज शुरू कर दी। जब अनूप यादव ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसे ट्रक से घसीटकर नीचे उतार लिया और लोहे की रॉड व डंडों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने अनूप के सिर पर ताबड़तोड़ वार किए और उसके पैर भी तोड़ दिए। घायल चालक रहम की भीख मांगता रहा, लेकिन सड़क से गुजर रहे अधिकांश लोग तमाशबीन बने रहे। कुछ वाहन चालकों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, मगर हमलावर लगातार पीटते रहे और अनूप को लहूलुहान कर मौके पर छोड़कर फरार हो गए।

घटना के बाद ट्रक में मौजूद हेल्पर ने गंभीर रूप से घायल अनूप को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया है।

मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि बदमाशों ने लूट के इरादे से ट्रक चालक की पीट-पीटकर हत्या की है। सूचना मिलने पर हाइवे थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के बाद शव पैतृक गांव कुंजलपुर भेज दिया।

गांव में शव पहुंचते ही कोहराम मच गया। मृतक की मां बेसुध हो गईं, पिता बदहवास हैं, जबकि भाई-बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बुधवार को ही गांव में अंतिम संस्कार कर दिया गया।

मृतक के पिता राकेश कुमार ने बताया कि मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे उनकी बेटे से आखिरी बार बात हुई थी। उन्हें क्या पता था कि एक घंटे बाद ही उनका बेटा इस दुनिया से चला जाएगा। वहीं मृतक के भाई ने बताया कि आरोपी शराब के नशे में धुत थे और धारदार हथियारों से लैस होकर आए थे। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।