रायबरेली: सलोन पुलिस का बड़ा एक्शन, खेतों से इंजन चोरी करने वाला गिरोह पकड़ा गया; 4 शातिर गिरफ्तार

उप्र के रायबरेली जनपद के के सलोन थाना क्षेत्र में पुलिस ने खेतों से सिंचाई के डीजल इंजन और चारा काटने की मशीनें चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश किया है।

रायबरेली: सलोन पुलिस का बड़ा एक्शन, खेतों से इंजन चोरी करने वाला गिरोह पकड़ा गया; 4 शातिर गिरफ्तार
Published By- Diwaker Mishra

रायबरेली से महताब खान रिपोर्ट

रायबरेली/जनमत न्यूज़। उप्र के रायबरेली जनपद के सलोन थाना क्षेत्र में पुलिस ने खेतों से सिंचाई के डीजल इंजन और चारा काटने की मशीनें चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश किया है। 

पुलिस ने इस गैंग के चार शातिर सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल लोडर वाहन बरामद किया है। काफी समय से सलोन इलाके में खेतों से इंजन और कृषि उपकरण चोरी होने की शिकायतें मिल रही थीं।

किसानों में दहशत और नाराजगी का माहौल था। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने निगरानी और चेकिंग तेज कर दी। 5 फरवरी को थाना सलोन पुलिस और सर्विलांस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए तराई मोड़ के पास से चार संदिग्धों को धर दबोचा।

पूछताछ में आरोपियों ने खेतों से चोरी की कई घटनाओं को अंजाम देने की बात कबूल की। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान शिव शंकर उर्फ शंकर, विपिन निर्मल, संदीप और रंजीत निर्मल के रूप में हुई है।

सभी आरोपी पड़ोसी जनपद प्रतापगढ़ के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह गिरोह रात के अंधेरे में खेतों में घूमकर खुले में रखे डीजल इंजन, पंपिंग सेट और अन्य कृषि मशीनें चोरी करता था।

चोरी के सामान को बेचकर आरोपी अपना खर्च और नशे की जरूरतें पूरी करते थे। बरामद सामान हाल की कई चोरी की घटनाओं से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस ने चारों आरोपियों को अदालत में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

वहीं, गिरोह से जुड़े अन्य फरार लोगों की तलाश में दबिश दी जा रही है। सलोन पुलिस का कहना है कि इलाके में चोरी की घटनाओं पर पूरी तरह लगाम लगाने के लिए अभियान जारी रहेगा।