हरदोई में सफेद दूध के काले कारोबार पर छापा, 38 हजार लीटर दूध सीज; भारी मात्रा में केमिकल बरामद

उप्र के हरदोई जनपद के संडीला औद्योगिक क्षेत्र में कथित मिलावटी दूध के कारोबार की गोपनीय सूचना पर प्रशासन ने बड़ी छापेमारी की।

हरदोई में सफेद दूध के काले कारोबार पर छापा, 38 हजार लीटर दूध सीज; भारी मात्रा में केमिकल बरामद
Published By- Diwaker Mishra

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट

हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद के संडीला औद्योगिक क्षेत्र में कथित मिलावटी दूध के कारोबार की गोपनीय सूचना पर प्रशासन ने बड़ी छापेमारी की। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं एसडीएम संडीला नारायणी भाटिया के नेतृत्व में पूनम दूध डेयरी पर छापा मारा गया। फैक्ट्री के संचालक प्रदीप गुप्ता बताए गए हैं।

कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम भी मौजूद रही।दो टैंकर में भरा करीब 38 हजार लीटर दूध सीज किया गया और 7 नमूने जांच के लिए भेजे गए है।

यहां छापेमारी में भारी मात्रा में केमिकल, दूध और अन्य सामग्री बरामद की गई। अधिकारियों को बरामद सामग्री पर मिलावट का संदेह है। मामले की गंभीरता को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं।

खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, डेयरी में दो टैंकरों में भरे करीब 38 हजार लीटर दूध को सीज किया गया है। मौके से कुल सात नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। अब जांच रिपोर्ट से स्पष्ट होगा कि दूध और बरामद सामग्री में मिलावट है या नहीं।

कार्रवाई के दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नारायणी भाटिया के साथ एएसपी संडीला सीओ श्लोक गौतम,खाद्य सुरक्षा विभाग और राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नारायणी भाटिया ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, संडीला में हुई इस छापेमारी से दूध कारोबार में मिलावट की आशंका को लेकर हलचल मच गई है। अब सबकी नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।