अयोध्या: मेडिकल कॉलेज के कर्मचारी पर नौकरी दिलाने के नाम पर महिला से ठगी व अश्लील हरकतों का आरोप
अयोध्या जनपद के कोतवाली नगर क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने नौकरी दिलाने के नाम पर मेडिकल कॉलेज के एक कर्मचारी पर रुपये ठगने, अश्लील हरकतें करने और आपत्तिजनक फोटो खींचने का गंभीर आरोप लगाया है।
अयोध्या से आज़म खान की रिपोर्ट
अयोध्या/जनमत न्यूज़। उप्र के अयोध्या जनपद के कोतवाली नगर क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने नौकरी दिलाने के नाम पर मेडिकल कॉलेज के एक कर्मचारी पर रुपये ठगने, अश्लील हरकतें करने और आपत्तिजनक फोटो खींचने का गंभीर आरोप लगाया है।
पीड़िता ने कोतवाली अयोध्या में प्रार्थना पत्र देकर मामले में कठोर कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता के अनुसार उसने मेडिकल कॉलेज में वार्ड बॉय की नौकरी के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था।
आवेदन की स्थिति जानने जब वह मेडिकल कॉलेज पहुंची तो उसकी मुलाकात कॉलेज की लैब में तैनात एक कर्मचारी से हुई, जिसे वह पहले से सोशल मीडिया के माध्यम से जानती थी। आरोप है कि कर्मचारी ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर उससे डेढ़ लाख रुपये ले लिए।
पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने सार्वजनिक स्थान पर रुपये लेने से इनकार करते हुए उसे एक सुनसान कमरे में ले गया, जहां पैसे लेते समय उसके साथ अश्लील हरकत की और आपत्तिजनक फोटो खींच ली।
पीड़िता ने बताया कि रुपये लेने के बाद आरोपी ने चयन होने का आश्वासन दिया। इसके कुछ समय बाद उसने फोटो डिलीट करने के नाम पर दोबारा बुलाया और 75 हजार रुपये और मांगे।
बताया कि मजबूरी में उसने यह रकम भी आरोपी को दे दी, लेकिन इसके बावजूद आरोपी ने फोटो डिलीट नहीं की। पीड़िता ने बताया कि उसने अयोध्या कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर कार्यवाही की मांग किया है।

Janmat News 
