रायबरेली: SIR में बड़ा फर्जीवाड़ा! 99 वोटरों को बाहरी बताकर नाम कटवाने की साजिश, सपा ने DM से की शिकायत

उप्र के रायबरेली जनपद में SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) प्रक्रिया को लेकर एक बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है, जिससे राजनीतिक माहौल गर्मा गया है।

रायबरेली: SIR में बड़ा फर्जीवाड़ा! 99 वोटरों को बाहरी बताकर नाम कटवाने की साजिश, सपा ने DM से की शिकायत
Published By- Diwaker Mishra

रायबरेली से महताब खान की रिपोर्ट

रायबरेली/जनमत न्यूज़। उप्र के रायबरेली जनपद में SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) प्रक्रिया को लेकर एक बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है, जिससे राजनीतिक माहौल गर्मा गया है।

बुधवार को समाजवादी पार्टी के बड़ी संख्या में पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। 

जिलाधिकारी को सौंपे गए शिकायती पत्र में बताया गया कि शहर के बूथ संख्या 166 पर करीब 99 मतदाताओं के खिलाफ श्री राम नामक व्यक्ति द्वारा आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं। जबकि संबंधित सभी मतदाता अस्थाई रूप से इसी वार्ड में निवास कर रहे हैं और उन्होंने नियमानुसार एसआईआर फॉर्म भी पूर्ण रूप से भरकर जमा किया था।

सपा नेताओं का आरोप है कि सूची प्रकाशित होने के बाद इन मतदाताओं को बाहरी बताकर जानबूझकर आपत्तियां दर्ज कराई गईं, जो सीधे तौर पर मताधिकार छीनने की साजिश है।

समाजवादी पार्टी का कहना है कि इसी तरह जिले की सभी विधानसभा सीटों पर हजारों वोट काटने का षड्यंत्र रचा जा रहा है। जिलाध्यक्ष ने इस पूरी प्रक्रिया के पीछे भारतीय जनता पार्टी की सुनियोजित साजिश होने का गंभीर आरोप लगाया है।

पार्टी नेताओं ने बताया कि यह मामला उस वक्त उजागर हुआ, जब समाजवादी पार्टी की लोहिया वाहिनी से जुड़े पदाधिकारी मोहम्मद कैफ खान के नाम पर आपत्ति बीएलओ को दी गई।

जांच करने पर पता चला कि इसी तरह कुल लगभग 99 मतदाताओं के खिलाफ आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं। सपा ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे प्रकरण की गहराई से जांच कराई जाए, फर्जी आपत्तियां दर्ज कराने वालों पर कार्रवाई हो और किसी भी कीमत पर लोकतंत्र के मूल अधिकारों से खिलवाड़ न होने दिया जाए।