बीजेपी के सौरभ जोशी बने चंडीगढ़ नगर निगम के मेयर, एक नहीं हो पाए कांग्रेस और AAP
चंडीगढ़ को नया मेयर मिल गया है। भाजपा के सौरभ जोशी पर नगर निगम पार्षदों ने भरोसा जताया है। इस बार आम आदमी पार्टी (AAP) से गठबंधन तोड़ कांग्रेस ने भी अपने प्रत्याशी उतारे थे।
चंडीगढ़/जनमत न्यूज़। चंडीगढ़ को नया मेयर मिल गया है। भाजपा के सौरभ जोशी पर नगर निगम पार्षदों ने भरोसा जताया है। इस बार आम आदमी पार्टी (AAP) से गठबंधन तोड़ कांग्रेस ने भी अपने प्रत्याशी उतारे थे।
उम्मीद थी कि आखिरी समय में भाजपा की जीत को रोकने के लिए कांग्रेस और आप एक हो जाएंगे, लेकिन ऐसा हो नहीं पाया। भाजपा के पास अपने 18 पार्षदों का समर्थन था। भारतीय जनता पार्टी से सौरभ जोशी, आम आदमी पार्टी से योगेश ढींगरा और कांग्रेस से गुरप्रीत सिंह गाबी मैदान में थे।
किस प्रत्याशी को कितने वोट मिले?
- कांग्रेस प्रत्याशी गुरप्रीत को सात वोट मिले
- भाजपा प्रत्याशी सौरभ को 18 वोट मिले
- AAP प्रत्याशी योगेश को 11 वोट मिले
रात आठ बजे से कांग्रेस पार्षदों के फोन हुए बंद
कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने अपने घर पर पार्षदों से बैठक की। लक्की ने मेयर चुनाव के साथ आगामी नगर निगम चुनाव पर भी चर्चा की। पार्षदों ने दोहराया कि वह मेयर सहित तीनों पदों पर चुनाव लड़ेंगे। आप का समर्थन नहीं करेंगे। रात आठ बजे कांग्रेस के पार्षदों के फोन बंद हो गए।
सुखना लेक पर AAP की लंच डिप्लोमेसी, तीन पार्षद नहीं पहुंचे
आम आदमी पार्टी (AAP) के पार्षद बुधवार दोपहर को सुखना लेक पर लंच करने पहुंचे। आप चंडीगढ़ प्रभारी जनरैल सिंह और अध्यक्ष विजय पाल यादव की मौजूदगी में पार्षद सोलर क्रूज पर मंत्रणा करते दिखे।
हालांकि, फोटो में छह से सात पार्षद ही दिखने से कई सवाल भी खड़े हो गए। आपसी टकराव और नाराजगी यहां भी देखने को मिली। रामचंद्र यादव और जसबीर सिंह लाडी लंच पर नहीं पहुंचे। हालांकि दमनप्रीत सिंह मौजूद रहे।

Janmat News 
