कन्नौज में सांसद चंद्रशेखर आज़ाद की हुंकार, सरकार पर लगाए समाज में लोगों को भड़काने के आरोप
उप्र के कन्नौज जिले के छिबरामऊ विधानसभा क्षेत्र के कपूरपुर खेल मैदान में नगीना से सांसद और आज़ाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आज़ाद ने जनसभा को संबोधित किया।
कन्नौज से अश्विनी पाठक की रिपोर्ट
कन्नौज/जनमत न्यूज़। उप्र के कन्नौज जिले के छिबरामऊ विधानसभा क्षेत्र के कपूरपुर खेल मैदान में नगीना से सांसद और आज़ाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आज़ाद ने जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी के बहकावे में न आएं और एकजुट होकर भीम आर्मी व आज़ाद समाज पार्टी को वोट दें।
चंद्रशेखर आज़ाद ने मौजूदा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार समाज में लोगों को भड़काने का काम कर रही है। उन्होंने एसआईआर (SIR) का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इसके जरिए भी लोगों को उकसाने की कोशिश की जा रही है।
साथ ही यूजीसी कानून को लेकर भी सरकार की मंशा पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि यूजीसी से जुड़े कानून के विरोध और उसे लागू कराने के लिए वह जल्द ही दिल्ली जाएंगे और इस मुद्दे पर आंदोलन किया जाएगा
सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार दो हजार रुपये की सहायता और पांच किलो मुफ्त राशन देकर जनता को गुमराह कर रही है।
उन्होंने दावा किया कि आज़ाद समाज पार्टी की सरकार बनने पर इस तरह की योजनाएं बंद होंगी और उनकी पार्टी बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था पर काम करेगी।
उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य ऐसी सरकारी शिक्षा व्यवस्था बनाना है, जिसमें अमीर और गरीब सभी के बच्चों को समान गुणवत्ता की शिक्षा मिले और बड़े पूंजीपति भी अपने बच्चों को सरकारी स्कूलों में पढ़ाने को मजबूर हों
रैली के आयोजन को लेकर चंद्रशेखर आज़ाद ने कहा कि पहले यह जनसभा कसाबा खेल मैदान में होनी थी, लेकिन सरकार की मंशा के चलते स्थान बदला गया। इसके बावजूद कपूरपुर खेल मैदान में लाखों की संख्या में लोग पहुंचे। उन्होंने कहा कि सरकार ने सभा का मैदान बदला है, लेकिन जनता आने वाले समय में सरकार ही बदल देगी।


