संभल में फिर गरजा प्रशासन का बुलडोजर; पांच दुकान, मस्जिद व मदरसे को किया गया ध्वस्त
उप्र के संभल जनपद में प्रशासन का बुलडोजर एक बार फिर गरजा है। सरकारी जमीन पर बने अवैध निर्माणों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच दुकानों, मस्जिद और मदरसे को ध्वस्त कर दिया गया।
संभल से राम व्रेश यादव की रिपोर्ट
संभल/ जनमत न्यूज़। उप्र के संभल जनपद में प्रशासन का बुलडोजर एक बार फिर गरजा है। सरकारी जमीन पर बने अवैध निर्माणों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच दुकानों, मस्जिद और मदरसे को ध्वस्त कर दिया गया।
इस दौरान मस्जिद की करीब 35 फीट ऊंची मीनार को भी बुलडोजर और हाइड्रा मशीन की मदद से गिराया गया। पूरी कार्रवाई संभल के डीएम और एसपी की मौजूदगी में की गई।
पूरा मामला के संभल के असमोली थाना क्षेत्र के मुबारकपुर बंद गांव का है। प्रशासन के मुताबिक करीब 15 साल पहले सरकारी खाद के गड्ढे की तीन बीघा से अधिक जमीन पर अवैध रूप से पांच दुकानें, मस्जिद और मदरसा बना लिया गया था।
ग्रामीणों ने इस अवैध कब्जे को लेकरजिलाधिकारी को शिकायत पत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद प्रशासन की ओर से अवैध निर्माण करने वालों को करीब 20 दिन पहले 8 दिन का अल्टीमेटम दिया गया था कि वे खुद निर्माण हटा लें, अन्यथा प्रशासन बुलडोजर कार्रवाई करेगा।
अल्टीमेटम की अवधि पूरी होने के बाद शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू कर दी। पहले मस्जिद और मदरसे को बुलडोजर से गिराया गया, इसके बाद करीब 35 फीट ऊंची मीनार को दो बुलडोजर और दो हाइड्रा मशीन की मदद से धराशायी किया गया।
सुरक्षा के मद्देनज़र मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा, जिसमें पीएसी और अन्य फोर्स की कई कंपनियां मौजूद थीं। जिलाधिकारी राजेंद्र पेंसिया ने बताया कि करीब तीन महीने पहले ग्राम प्रधान की शिकायत पर धारा 67 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
तहसीलदार न्यायालय में सुनवाई के बाद संबंधित पक्ष को 30 दिन का अपील का समय भी दिया गया। उन्होंने बताया कि जिस जमीन पर कब्जा किया गया था, वह खाद के गड्ढे और खेल मैदान की भूमि थी, जिसका कुल क्षेत्रफल करीब 600 वर्ग मीटर है।
इस कब्जे की वजह से गांव के दो स्कूल- एक प्राथमिक विद्यालय और दूसरा उच्च प्राथमिक विद्यालय- आपस में कट गए थे। डीएम ने कहा कि प्रशासन लैंड बैंक बनाने की दिशा में काम कर रहा है और सरकारी जमीनों से कब्जा हटाने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि शासन के निर्देशों के तहत जिले में लैंड बैंक बनाने का काम चल रहा है। इसके तहत सभी एसडीएम, तहसीलदार और सीओ द्वारा गांव-गांव में सरकारी जमीनों की पहचान की जा रही है।
उन्होंने बताया कि मुबारकपुर बंद गांव में खेल मैदान और खाद के गड्ढे की जमीन पर अवैध निर्माण किया गया था, जिसे आज हटाया गया है। सुरक्षा के लिए पीएसी की दो कंपनियां, आरआरएफ की एक कंपनी और स्थानीय पुलिस बल तैनात रहा।
एसपी ने साफ कहा कि अन्य गांवों में भी जहां कहीं ग्राम सभा या सरकारी जमीन पर कब्जा है, लोग स्वयं हटा लें, अन्यथा प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा और जुर्माना भी लगाया जाएगा।

Janmat News 
