संभल: टेंट हाउस में लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान; मवेशी की मौत
उप्र के संभल जनपद के कुढ़ फतेहगढ़ थाना क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अज्ञात कारणों से एक टेंट हाउस में भीषण आग लग गई।
संभल से रामव्रेश यादव की रिपोर्ट
संभल/जनमत न्यूज़। उप्र के संभल जनपद के कुढ़ फतेहगढ़ थाना क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अज्ञात कारणों से एक टेंट हाउस में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
इस अग्निकांड में एक मवेशी की जलकर मौत हो गई, जबकि दो अन्य मवेशियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। ग्रामीणों और अग्निशमन विभाग की घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
संभल के थाना कुढ़ फतेहगढ़ क्षेत्र में स्थित एक टेंट हाउस में सोमवार को अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया।
टेंट का सामान, ट्रैक्टर सहित अन्य कीमती सामग्री जलकर राख हो गई। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस अग्निकांड में करीब 20 से 25 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। घटना के समय टेंट हाउस संचालक अतर सिंह अपनी पत्नी और तीन वर्षीय बच्चे के साथ पीछे बने मकान में सो रहे थे।
आग लगने पर सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि बाहर निकलते समय अतर सिंह के दो पुत्र आग की हल्की लपटों की चपेट में आ गए। आग में एक मवेशी की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य मवेशियों को ग्रामीणों ने समय रहते सुरक्षित निकाल लिया।
आग की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों से भारी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने करीब छह समरसेबल पंपों और अन्य संसाधनों से लगातार पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने काफी हद तक आग पर काबू पा लिया था, जिसके बाद अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और अपने उपकरणों की मदद से आग को पूरी तरह बुझाया। विभाग की टीम के देर से पहुंचने को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी भी देखने को मिली।
घटना की सूचना पर पशु स्वास्थ्य विभाग और राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। लेखपाल ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है और शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी, ताकि पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता मिल सके। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग आग लगने के कारणों की जांच में जुटे हैं।


