औरैया में दबंगों का तांडव: मामूली विवाद में चार महिलाओं से लाठी-डंडों से मारपीट, वीडियो वायरल

गांव के दबंगों ने एकजुट होकर महिलाओं को निशाना बनाया और लाठी-डंडों से जमकर पिटाई की। मारपीट में चार महिलाएं घायल हो गईं, जिन्हें उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।

औरैया में दबंगों का तांडव: मामूली विवाद में चार महिलाओं से लाठी-डंडों से मारपीट, वीडियो वायरल
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

औरैया से अरूण बाजपेयी की रिपोर्ट —

औरैया/जनमत न्यूज। जनपद औरैया के फफूंद थाना क्षेत्र अंतर्गत पूर्व आशा गांव में महिलाओं के साथ की गई बेरहमी से मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। मामूली विवाद को लेकर गांव के कुछ दबंगों ने चार महिलाओं पर लाठी-डंडों से हमला कर उन्हें घायल कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पूर्व आशा गांव में किसी छोटी बात को लेकर विवाद हुआ था, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठा। आरोप है कि गांव के दबंगों ने एकजुट होकर महिलाओं को निशाना बनाया और लाठी-डंडों से जमकर पिटाई की। मारपीट में चार महिलाएं घायल हो गईं, जिन्हें उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।

घटना के दौरान किसी ग्रामीण द्वारा बनाए गए वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया। सूचना मिलने पर फफूंद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है तथा तहरीर मिलने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, वहीं पुलिस ने गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी है।